वाह! पुलिस जिस तस्कर की तलाश में, वो BJP मंत्री के मंच पर लगा रहा ठहाके.. लोगों ने पूछा- ये रिश्ता क्या कहलाता है?

मंदसौर, मध्य प्रदेश: जिले के मल्हारगढ़ की बालागुड़ा पंचायत में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस कार्यक्रम में फरार तस्कर और सरपंच पति प्रकाश पाटीदार भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मंच साझा करते नजर आया। इसका वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस और किसान नेताओं ने भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

फरार तस्कर प्रकाश पाटीदार मंच पर मुस्कुराते नजर आया

कार्यक्रम में भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में आरोपी प्रकाश पाटीदार नेताओं के साथ मंच पर मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहा है। इस विवाद के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी।

कांग्रेस और किसान नेताओं का हमला

किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ने एक्स पर लिखा—
“भाजपा का हाथ तस्करों के साथ? बालागुड़ा में शासकीय मंच पर डोडाचूरा तस्करी के फरार आरोपी के साथ भाजपा सांसद, जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। जनता पूछ रही है— ये रिश्ता क्या कहलाता है?”

कांग्रेस नेताओं ने भी इस मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला और कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

डोडाचूरा तस्करी का मामला और फरार आरोपी

जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई 2025 को पिपलियामंडी पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 6 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया था। इस कार्रवाई में राहुल उर्फ भूरालाल देवदा और भरत उर्फ मोती देवदा गिरफ्तार हुए थे।
इसी मामले में प्रकाश पिता रामनिवास पाटीदार (बालागुड़ा) और उमराव सिंह पिता गोबर सिंह (तलाऊ पिपलिया) को आरोपी बनाया गया था, जो घटना के बाद से फरार हैं।

केस डायरी और पुलिस जांच

इस प्रकरण की केस डायरी नई आबादी थाने भेज दी गई थी। पिपलियामंडी थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि विवेचना फिलहाल नई आबादी थाना कर रहा है। अगर आरोपी उनके क्षेत्र में पाया गया तो उसे गिरफ्तार कर संबंधित थाना को सौंप दिया जाएगा।

एसपी का बयान: “शाम तक गिरफ्तारी होगी”

एसपी विनोद कुमार मीणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फरार आरोपी को सार्वजनिक कार्यक्रम में देखा गया है। पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं और संभावना है कि आरोपी को शाम तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राजनीतिक असर और जनता के सवाल

यह मामला न केवल पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि भाजपा की छवि पर भी बड़ा धक्का है। जनता और विपक्ष पूछ रहे हैं कि आखिर फरार आरोपी शासकीय कार्यक्रमों में नेताओं के साथ मंच पर कैसे पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button