मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई | 10 करोड़ की ड्रग्स और 23 लाख का सोना जब्त
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने दो बड़ी कार्रवाईयों में बैंकॉक से आए यात्री से 10.50 करोड़ की ड्रग्स और मस्कट से आए यात्री से 23.54 लाख का सोना जब्त किया। दोनों यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।

मुंबई: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (CSMIA) पर कस्टम विभाग ने 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात दो अलग–अलग कार्रवाईयों में ड्रग्स और सोना जब्त किया है। दोनों मामलों में यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 10.73 करोड़ रुपये है।
बैंकॉक से आए यात्री के बैग में मिली 10.50 करोड़ की ड्रग्स
कस्टम्स ज़ोन-III की टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि बैंकॉक से आने वाली एक फ्लाइट में एक यात्री नशे की बड़ी खेप लेकर आ रहा है। फ्लाइट नंबर VZ760 से पहुंचे इस यात्री के ट्रॉली बैग की जांच करने पर उसमें 10.509 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद हुई। यात्री ने यह ड्रग्स बेहद चतुराई से बैग की अंदरूनी परतों में छिपाई थी।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद नशे की यह खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10.50 करोड़ रुपये की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मस्कट से आए यात्री से मिला सोना
इसी दौरान एक अन्य मामले में कस्टम अधिकारियों ने मस्कट से आए यात्री को प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका। यह यात्री फ्लाइट नंबर 6E1270 से मुंबई पहुंचा था। जांच में उसके शरीर पर छिपाकर रखे गए 24 कैरेट सोने का कड़ा और चेन बरामद हुई।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने का कुल वजन 200 ग्राम और इसकी कीमत 23.54 लाख रुपये आंकी गई है। सोने को जब्त कर लिया गया है और यात्री से पूछताछ जारी है।
कस्टम विभाग की सतर्कता से रोकी गई तस्करी
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। ड्रग्स और गोल्ड की तस्करी रोकने के लिए हवाई अड्डे पर निगरानी और सघन जांच को और मजबूत किया गया है।



