महाराष्ट्र सरकार का गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार उषा मंगेशकर को दिया जाएगा

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार का गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार इस वर्ष वरिष्ठ गायिका ऊषा मंगेशकर को दिया जाएगा। यह घोषणा सोमवार को सांस्कृतिक कार्य मंत्री अमित विलासराव देशमुख ने की है। इस पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, मानपत्र, स्मृतिचिन्ह दिया जाता है।

सांस्कृतिक कार्यमंत्री अमित देशमुख ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि चयन समिति ने एकमत से वर्ष 2020-21 के इस पुरस्कार के लिए ऊषा मंगेशकर का नाम तय किया है। देशमुख ने बताया कि ऊषा मंगेशकर ने अब तक हिंदी, मराठी सहित कई भाषाओं में सैकड़ों गाने गाकर फिल्म जगत की उत्कृष्ट सेवा की है। ऊषा मंगेशकर ने सुबह का तारा, जय संतोषी मां, आझाद, चित्रलेखा, खट्टा-मीठा, काला पत्थर, नसीब, खूबसूरत, डिस्को डान्सर, इन्कार जैसी हिंदी फिल्मों में यादगार गीत प्रस्तुत किए हैं। इसी तरह मराठी में दादा कोंडके की फिल्म के लिए गाए गए उनके गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं।

अमित देशमुख ने बताया कि गायन व संगीत क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले कलाकारों को राज्य सरकार की ओर से सन 1992 से गानसम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया जाता है। अब तक राज्य सरकार की ओर से संगीतकार राम-लक्ष्मण, ऊषा खन्ना, उत्तम सिंह, प्रभाकर जोग, गायिका सुमन कल्याणपूर, आशा भोसले, पुष्पा पागधरे, कृष्णा कल्ले आदि कलाकारों को यह पुरस्कार दिया गया है।

उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने कहा कि भारतरत्न गानसाम्राज्ञी लता मंगेशकर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राज्य सरकार मुंबई में मास्टर दीनानाथ मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय शुरु करने वालीहै। इस महाविद्यालय का निर्माण मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मार्गदर्शन में व पर्यटन मंत्री आदित्य के नेतृत्व में किया जाएगा जिसका लाभ युवावर्ग को होगा।

Related Articles

Back to top button