बड़ी खबर: कार्यालय के अंदर थे अखिलेश यादव, बाहर युवक ने लगा ली आग.. 80% झुलसा, वजह होश उड़ाने वाली!

लखनऊ में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी (सपा) के ऑफिस के बाहर अलीगढ़ निवासी एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक करीब 80% तक झुलस चुका था। घटना के समय सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी ऑफिस के अंदर ही मौजूद थे।
पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा युवक
युवक की पहचान अलीगढ़ निवासी योगेंद्र उर्फ बॉबी (48) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह जेब में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर सपा कार्यालय पहुंचा था। पार्टी दफ्तर के बाहर उसने अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह कंबल डालकर आग बुझाई और पुलिस ने युवक को तुरंत ई-रिक्शा से सिविल अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर, KGMU रेफर की तैयारी
सिविल अस्पताल के CMS डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि युवक 80% तक जल चुका है। केवल सीने और चेहरे का कुछ हिस्सा ही सुरक्षित है। फिलहाल प्रारंभिक उपचार किया गया है और जरूरत पड़ने पर उसे लखनऊ के KGMU अस्पताल रेफर किया जाएगा।
पैसों के विवाद को बताया वजह
अस्पताल में भर्ती घायल योगेंद्र ने बयान दिया कि उसके मोहल्ले के रहने वाले दानिश, वसीम, नाजिम और मास्टर सट्टेबाजी का काम करते हैं। उन्होंने उससे करीब 6 लाख रुपए उधार लिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो वे लोग झगड़ा करने लगे और गालियां देने लगे। कई बार उसने पुलिस से मदद मांगी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सपा नेत्री सबा परवीन के घर पर रहता है योगेंद्र
जानकारी के अनुसार, योगेंद्र अलीगढ़ की सपा नेत्री सबा परवीन के घर पर ही रहता है। सबा परवीन और कुछ लोग बुधवार को अखिलेश यादव से मिलने सपा कार्यालय के अंदर चले गए, जबकि योगेंद्र बाहर ही था। इसी दौरान उसने आत्मदाह की कोशिश की। बताया जा रहा है कि योगेंद्र का सबा परवीन के पड़ोसी दानिश से पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना
घटना के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा,
“निर्मम भाजपा सरकार से हताश होकर एक युवा ने आत्मदाह के जरिए सरकार को जगाने की कोशिश की है। यह बेहद दर्दनाक है। भाजपा सरकार घायल युवक को अच्छे से अच्छा इलाज सुनिश्चित करे और युवक को न्याय दिलाए।”
उन्होंने आगे कहा कि नाइंसाफी, नाउम्मीदगी और निराशा ही मौजूदा भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है।



