लखनऊ एक्सप्रेस-वे हादसा: चलती AC बस में लगी भीषण आग, 70 यात्री बाल-बाल बचे
लखनऊ के आगरा एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से गोंडा जा रही AC बस में टायर फटने से भीषण आग लग गई। 70 यात्री समय रहते बच निकले। फायर ब्रिगेड की देरी और टोल प्लाजा पर सुरक्षा उपकरणों की कमी ने खतरा बढ़ाया।

लखनऊ: लखनऊ के आगरा एक्सप्रेस–वे पर रविवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। दिल्ली से गोंडा जा रही एक AC बस का टायर अचानक फट गया, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। बस में सवार 70 यात्री उस वक्त 80-90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सफर कर रहे थे। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई, लेकिन सभी यात्री समय रहते बाहर निकल आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना काकोरी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई। आग इतनी भयंकर थी कि धुआं दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। एक घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन बस पूरी तरह जल चुकी थी।
ड्राइवर की सूझबूझ से बची जानें
यात्रियों ने बताया कि टायर फटने की आवाज के बाद बस लहराई और ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगा दिया। वह नीचे उतरकर जांच ही कर रहा था कि पीछे से धुआं उठने लगा। ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकलने के लिए चिल्लाया। अधिकतर लोग उस समय सो रहे थे, लेकिन सभी तेजी से बाहर निकल आए। चूंकि आग पीछे से लगी थी, इसलिए सभी सुरक्षित बाहर आ गए।
टोल प्लाजा पर नहीं थी फायर सेफ्टी सुविधा
बस चालक जगत सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा पर किसी भी तरह के फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं थे। उन्होंने बस में रखे दो फायर एक्सटिंगुइशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। प्रत्यक्षदर्शी सतपाल ने बताया कि दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
‘छठी मैया ने बचा लिया’ बोले यात्री
बस में सवार ज्यादातर यात्री दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से छठ पूजा मनाने घर लौट रहे थे। हादसे में कई यात्रियों का सामान जल गया, लेकिन सभी सुरक्षित बच निकले। उन्होंने कहा— “छठी मैया ने हमें बचा लिया, नहीं तो कोई भी जिंदा नहीं बचता।” पुलिस ने यात्रियों को गोंडा भेजने के लिए दूसरी बस का इंतजाम किया।
लखनऊ में कार में भी लगी आग
इसी सुबह लखनऊ के सरोजिनी नगर इलाके में किसान पथ पर चलती कार में आग लग गई। ड्राइवर राजू (निवासी बाराबंकी) ने कूदकर जान बचाई, लेकिन कार पूरी तरह जल गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।



