Lucknow crime: लखनऊ के आशियाना में सनसनी, बेटे ने पिता की हत्या कर शव नीले ड्रम में छिपाया
लखनऊ के आशियाना में बेटे ने पिता की हत्या कर शव नीले ड्रम में छिपाया। वारदात के बाद खुद ही दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट। पढ़ाई को लेकर विवाद बना जघन्य अपराध की वजह।

Lucknow crime: लखनऊ के आशियाना इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 21 वर्षीय युवक अक्षत ने अपने पिता मानवेंद्र सिंह की हत्या कर दी, फिर शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में भर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, ताकि किसी को शक न हो।
पहले भी घर से भाग चुका था आरोपी
पड़ोसी धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, अक्षत पढ़ाई में तेज था लेकिन स्वभाव से काफी चालाक माना जाता था। उन्होंने बताया कि पहले भी वह घर से पैसे और गहने लेकर भाग चुका था, जिसे बाद में पुलिस ने कानपुर से बरामद किया था। पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने मानवेंद्र सिंह को बेटे के व्यवहार को लेकर आगाह भी किया था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
लापता होने पर बनाई गई थी व्हाट्सऐप ग्रुप
जब मानवेंद्र सिंह अचानक लापता हुए तो रिश्तेदारों और पड़ोसियों को चिंता हुई। उन्हें ढूंढने के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप तक बनाया गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस बेटे के साथ वह रह रहे थे, उसी ने उनकी हत्या कर दी है। परिजनों के मुताबिक, परिवार आर्थिक रूप से संपन्न था और किसी चीज की कमी नहीं थी। रिश्तेदारों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर बेटे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। घटना के बाद बहन गहरे सदमे में है और बोलने की स्थिति में नहीं है।
पढ़ाई को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 20 फरवरी को हुई। विक्रांत वीर (सेंट्रल डीसीपी) ने बताया कि अक्षत बी.कॉम का छात्र है और उसके पिता चाहते थे कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी करे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पिता की हत्या कर दी।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को स्तब्ध कर रही है।



