LPG संकट पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले– होटल-रेस्तरां बंद हो रहे, शादियां तक टल सकती हैं
LPG की भारी किल्लत पर केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा होटल-रेस्तरां बंद होने और शादियां टलने की चेतावनी सप्लाई घटने से उद्योग और रोजगार पर मंडरा रहा संकट

नई दिल्ली: देश में LPG सिलेंडर की बढ़ती किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि गैस की कमी का असर अब सीधे होटल-रेस्तरां, उद्योगों और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ने लगा है। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो शादी के सीजन में हजारों शादियां भी टल सकती हैं।
LPG सप्लाई घटने से संकट गहराया
केजरीवाल ने कहा कि भारत में इस्तेमाल होने वाली LPG का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से आयात होता है और उस आयात का लगभग 90 प्रतिशत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आता है। मौजूदा हालात में यह रास्ता भारत के लिए बंद हो गया है, जिसके कारण देश में LPG की सप्लाई करीब 50 से 55 प्रतिशत तक कम हो गई है।
रेस्तरां और होटल बंद होने की कगार पर
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रेस्तरां और होटलों को LPG की सप्लाई रोक दी है। इन जगहों पर सुरक्षा कारणों से ज्यादा स्टॉक रखने की अनुमति नहीं होती, इसलिए रोजाना सप्लाई पर ही काम चलता है। अचानक सप्लाई बंद होने से उनके पास एक-दो दिन का भी स्टॉक नहीं बचा है। केजरीवाल के मुताबिक मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्तरां पहले ही बंद हो चुके हैं और अगले दो दिनों में यह आंकड़ा 50 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। वहीं तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल और रेस्तरां बंद होने की स्थिति में हैं।
शादियां टलने और बेरोजगारी बढ़ने का खतरा
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यही स्थिति जारी रही तो कई लोगों को अपनी शादियां भी टालनी पड़ सकती हैं। केजरीवाल ने बताया कि बैंगलोर, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, हरियाणा और बिहार से भी इसी तरह की खबरें मिल रही हैं। गुजरात के मोरबी में, जिसे टाइल इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र माना जाता है, वहां 600 से ज्यादा फैक्ट्रियों में से करीब 170 बंद हो चुकी हैं और लगभग एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं।
कालाबाजारी भी बढ़ने लगी
केजरीवाल ने कहा कि घरेलू और कमर्शियल LPG के दाम बढ़ने के साथ ही बाजार में कालाबाजारी भी बढ़ने लगी है। उनका कहना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और इजरायल-अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद हालात और बिगड़े हैं। चूंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण है, इसलिए वहां से आने वाली सप्लाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि अगर स्थिति को तुरंत नहीं संभाला गया तो देश में बड़ा आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो सकता है।



