दिल्ली में प्रेम, धोखा और तीन मौतें — लिव-इन में रह रही गर्भवती महिला व प्रेमी की हत्या, पति गंभीर
दिल्ली के नबी करीम में प्रेम त्रिकोण ने तीन जिंदगियां निगल लीं। गर्भवती शालिनी को उसके पूर्व प्रेमी आशु ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बचाने आए पति आकाश ने पलटवार किया, जिससे आशु की भी मौत हो गई। आकाश गंभीर हालत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

नई दिल्ली: दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक प्रेम त्रिकोण ने तीन जिंदगियां लील लीं। प्रताप नगर निवासी आकाश और शालिनी ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो बेटियां — डोरेमोन (5) और नैनसी (3) हैं। लेकिन शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई और शालिनी मकान मालिक आशु के संपर्क में आई।
पति को छोड़कर मकान मालिक संग रहने लगी शालिनी
अमरपुरी, नबी करीम इलाके में किराए पर रहने के दौरान शालिनी और आशु के बीच नजदीकियां बढ़ीं। शालिनी ने पति को छोड़ दिया और आशु के साथ पंजाब में आठ महीने तक लिव–इन रिलेशनशिप में रही, जहां वह गर्भवती भी हो गई। हालांकि, जब आशु ने एक दिन शालिनी की बेटियों की पिटाई की, तो उसने दो महीने पहले उससे रिश्ता तोड़ दिया और पति आकाश के पास लौट आई।
धनतेरस की रात हुआ खूनी संघर्ष
धनतेरस के दिन शालिनी अपने पति और बच्चों के साथ मां शीला से मिलने अमरपुरी स्थित मायके पहुंची थी। घर के बाहर अचानक आशु सामने आ गया और उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। पहले उसने शालिनी के सीने और पेट पर कई वार किए। बचाने आए आकाश पर भी हमला किया गया। आकाश ने किसी तरह चाकू छीना और आशु पर पलटवार किया। इस भिड़ंत में आशु और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना बच्चों के सामने हुई।
मौत से उजड़ गया परिवार, टूटी दिवाली की खुशियां
आकाश और शालिनी ने हाल ही में दोबारा साथ रहना शुरू किया था। दिवाली की तैयारियां चल रही थीं, बच्चों के कपड़े तक सिलवाए जा चुके थे। लेकिन इस वारदात ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शालिनी की मां और भाई रोहित ने बताया कि वह छह बहनों में सबसे छोटी थी। अब पूरा परिवार आकाश की सलामती की दुआ कर रहा है।
दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस जांच जारी
पुलिस उपायुक्त निधिन वल्सन ने बताया कि आशु नबी करीम थाने का घोषित बदमाश था, जबकि आकाश पर भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शालिनी की मां शीला के बयान पर हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। आशु के परिवार का दावा है कि पहले आकाश ने हमला किया था, लेकिन पुलिस की जांच में आशु ही हमलावर पाया गया है। मामले की गहराई से जांच जारी है।



