बड़ी खबर: 20 लोगों से भरी नाव शारदा नदी में पलटी, माँ तैरकर बाहर आई, बाप-बेटी आंखो के सामने बह गए!

लखीमपुर खीरी, 7 सितंबर 2025: लखीमपुर खीरी के नकहा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शारदा नदी में 20 लोगों से भरी नाव अधूरे पुल के पिलर से टकराकर पलट गई। नाव का अगला हिस्सा टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बाप-बेटी लापता हैं। घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
हादसे की वजह: अधूरा पुल और तेज टक्कर
ग्रामीण हर शनिवार की तरह नदी पार जाकर साप्ताहिक हाट करने जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे नाव में सवार होकर 20 लोग शारदा नदी पार कर रहे थे। बीच मझधार में नाव अधूरे पुल के पिलर से टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव का अगला हिस्सा टूटकर दो भागों में बंट गया।
ग्रामीणों की सूझबूझ से 18 लोग बचाए गए
नाव पलटते ही नदी में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर मदद की। रस्सी और लकड़ी के सहारे 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लेकिन नौव्वापुर गांव निवासी कैलाश (40) और उनकी बेटी सीमा (15) नदी में बह गए। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
पत्नी ने तैरकर बचाई जान, पति-बेटी लापता
हादसे में कैलाश की पत्नी माधुरी तैरकर बाहर निकल आई। रोते हुए उन्होंने बताया कि वह और उनके पति साप्ताहिक बाजार जा रहे थे। बेटी सीमा ने साथ जाने की जिद की थी। नाव पलटते ही वह खुद तो तैरकर किनारे आ गई, लेकिन पति और बेटी लहरों में बह गए।
प्रशासन की कार्रवाई: सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही SDM सदर अश्वनी सिंह, चौकी प्रभारी गौरव, पुलिस टीम, SDRF और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। दो किलोमीटर के इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अब तक लापता बाप-बेटी का कोई पता नहीं चल सका है।
अधूरे पुल पर स्थानीय लोगों का आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे पुल के कारण ऐसी घटनाएँ बार-बार हो रही हैं। लंबे समय से पुल का निर्माण रुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत पुल निर्माण पूरा कर हादसों को रोकने की मांग की है।



