दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष के लिए कीर्ति आजाद का नाम तय, कभी भी हो सकता है ऐलान

दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले अध्यक्षहीन दिल्ली कांग्रेस के लिए उम्मीद जागी है। जानकारी के अनुसार दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का ऐलान जल्द होने की संभावना है। साथ ही इस पद के लिए पार्टी में कीर्तिवर्धन भगवत झा आजाद के नाम पर अटकलें तेज़ हो गई हैं। बता दें कि इससे पहले कीर्ति झा बीजेपी से तीन बार सांसद रह चुके हैं।

क्रिकेट में छक्कों के बादशाह कहे जाने वाले कीर्ति झा आजाद (Kirti Jha Azad) राजनीति की पिच पर भी जमे हुए हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व सांसद कीर्ति झा आज़ाद का नाम सामने आ रहा है। बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के बेटे कीर्ति झा आजाद भाजपा के टिकट पर दरभंगा से तीन बार सांसद बन चुके हैं। कीर्तिवर्धन भागवत झा आजाद अपने दूसरे नाम कीर्ति आजाद के नाम से अधिक जाने जाते हैं।

क्रिकेट में भी रहे लोकप्रिय

गौरतलब है कि इससे पहले उनकी पहचान क्रिकेटर के तौर पर ही थी। वे 1983 की इंडियन क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य भी रहे। विश्व कप में उन्होंने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ उल्लेखनीय पारी खेली थी, इसके कारण वे बेहद लोकप्रिय हो गए थे। वे क्रिकेट कमेंटेटर भी हैं।

बता दें कि आजाद ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1993 में दिल्ली के गोल मार्केट इलाके में विधानसभा चुनाव के जरिए की थी। कीर्ति आजाद 1999, 2009 और 2014 में बीजेपी की तरफ से दरभंगा के सांसद चुने गए। दरभंगा को अपनी कर्मभूमि चुनने के पीछे बड़ी वजह ये थी कि यहां उनकी ससुराल है। इस बात का उनको फायदा भी मिला और वे तीन बार दरभंगा के सांसद बने। हालाँकि 2015 में दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ आरोप लगाने के कारण भाजपा ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बीजेपी से निकलने के बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा था।

Related Articles

Back to top button