बड़ी खबर: इधर हुआ Gaming Bill पास, उधर कांग्रेस विधायक गिरफ्तार! 12 करोड़ कैश, 6 करोड़ का सोना और..!

नई दिल्ली। संसद में ऑनलाइन गेमिंग बिल पारित होने के ठीक एक दिन बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक कांग्रेस नेता और विधायक के. सी. वीरेंद्र के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने 12 करोड़ रुपये नकद और करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए। इसके साथ ही लग्जरी गाड़ियां, चांदी और कई बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है।
कई राज्यों में छापेमारी, पांच कैसिनो पर भी कार्रवाई
ईडी ने देशभर में कुल 31 जगहों पर छापेमारी की, जिनमें गंगटोक, चितदुर्गा जिला, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा शामिल हैं। गोवा में ईडी ने पांच बड़े कैसिनो — पप्पी’स कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसिनो, पप्पी’स कैसिनो प्राइड, ओशन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो — पर भी कार्रवाई की।
ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क
ईडी ने कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र और उनके सहयोगियों पर ऑनलाइन व ऑफलाइन सट्टेबाजी का केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी कई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट्स चला रहे थे, जिनमें King567 और Raja567 जैसी साइट्स शामिल हैं।
दुबई से चल रही कंपनियां, परिवार की संलिप्तता
जांच में खुलासा हुआ कि विधायक का भाई के. सी. थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियां — डायमंड सॉफ्टटेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज — संचालित कर रहा था। ये कंपनियां कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग बिजनेस से जुड़ी थीं। वहीं, एक और भाई के. सी. नागराज और उसका बेटा पृथ्वी एन. राज भी इस अवैध कारोबार में शामिल बताए जा रहे हैं।
कैश, ज्वेलरी, लग्जरी गाड़ियां और बैंक खाते जब्त
ईडी की छापेमारी में 12 करोड़ रुपये नकद, जिसमें 1 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा भी शामिल है, जब्त की गई। इसके अलावा लगभग 6 करोड़ रुपये का सोना, 10 किलो चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां भी बरामद हुईं। ईडी ने 17 बैंक खातों और 2 लॉकर को फ्रीज कर दिया है। जांच एजेंसी को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनसे यह साफ हुआ कि आरोपी अवैध कमाई को अलग-अलग लेयरिंग के जरिए वैध दिखाने की कोशिश कर रहे थे।
गंगटोक से हुई विधायक की गिरफ्तारी
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र अपने सहयोगियों के साथ गंगटोक गए थे, जहां वह एक लैंड कैसिनो लीज पर लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया। शनिवार को उन्हें स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ईडी ने उन्हें बेंगलुरु कोर्ट ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली।
ऑनलाइन गेमिंग बिल के तुरंत बाद ईडी की कार्रवाई
गौरतलब है कि संसद में हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग बिल पारित किया गया है। बिल पास होने के अगले ही दिन कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र पर हुई इस ईडी कार्रवाई को सरकार की सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।



