कानपुर : छठ पर्व की तैयारियां शुरू, कानपुर के घाटों पर दिखेगा बिहार का नजारा

कानपुर : दीपावली के छठवें दिन मनाए जाने वाले महापर्व छठ पूजा के लिए पूरे शहर में पूर्वांचल के लोगों ने तैयारियां शुरु कर दी है। यही नही उनके साथ नगर निगम और जिला प्रशासन ने भी अपनी ओर से तैयारियों को अमली जामा पहनाने का काम भी शुरु कर दिया है। नगर के लगभग एक दर्जन से अधिक कृत्रिम तालाबों के साथ अन्य विकल्प भी तैयार किए जा रहे हैं।
कोविड प्रोटोकाल के तहत पूजन के समय अधिक भीड़ न एकत्रित होने पाए इसके लिए भी व्यापक इंंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार छठ पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए 8 मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की जा सकती है। पनकी नहर में मिनी बिहार का नज़ारा नजर आएगा।
शास्त्री नगर सेन्ट्रल पार्क में छठ पूजा को लेकर नगर निगम तेजी से 100 फुट चौड़ा और डेढ़ सौ फुट लंबा कृत्रिम तालाब तैयार कर रहा है। पनकी व अर्मापुर नहर में जोरो से चल रही छठपूजा की तैयारी के बीच नहर के अगल-बगल पूजा स्थान निश्चित करने के लिए लोगों ने उसके आसपास अपने स्थान बनाना शुरू कर दिया। छठ पूजा सीमित के सदस्यों ने तैयारी स्थल पर पहुंचकर वहां भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर जानकारी ली और तैयारी शुरू करवाई। शहर मे सभी पूजा स्‍थलों को साफ करने के लिए नगर निगम लगा तो हुआ है पर अभी भी गन्दगी जमा है। पूजा समिति के तत्वावधान में बीते कई साल से यहां आयोजन किया जा रहा है।
पनकी थाना अंतर्गत नहर के दोनों तरफ करीब 3 किलोमीटर दूरी तक छठ पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन और पूजा संगठनों द्वारा घाटों को साफ़ भी कराया जा रहा है। वर्तमान में यहां छठ पूजा के समय मिनी बिहार नजर आता है। लोगों के लिए मुफ्त में पानी और चाय का इंतजाम भी किया जाता है। इनके अनुसार पहले अर्घ्य की रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। हिन्दू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के चतुर्थी से सप्तमी तक यह महापर्व सेलिब्रेट किया जाता है। माताएं बच्चों और पूरे परिवार की सुख-समृद्धि, शांति व लंबी आयु के लिए यह पूजा करती हैं।
शहर में छठ पूजा के घाट
– कानपुर शहर में पनकी नहर
– शास्त्री नगर सेन्ट्रल पार्क के साथ सिद्धनाथ घाट
– मैगजीन घाट
– सीटीआई नहर
– अर्मापुर नहर
– दबौली वेस्ट नहर
– सचान गेस्ट हाउस
– विजयनगर जैसे कई इलाको में छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button