Kanpur Bus Accident: कानपुर देहात में कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा

घने कोहरे के बीच मैथा मोड़ हाईवे पर दिल्ली–वाराणसी बस हादसे का शिकार ड्राइवर और कंडक्टर गंभीर घायल, सभी यात्री सुरक्षित क्रेन से हटाई गई बस, हाईवे पर यातायात बहाल

Up news: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रनियां थाना क्षेत्र के मैथा मोड़ हाईवे पर दिल्ली से वाराणसी जा रही एक यात्री बस घने कोहरे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस ने आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

ड्राइवर और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल

हादसे के बाद बस में ड्राइवर और कंडक्टर फंस गए थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर राजवीर और कंडक्टर कल्लू को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ड्राइवर राजवीर एटा और कंडक्टर कल्लू मथुरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

 

सभी यात्री सुरक्षित, बड़ा नुकसान टला

राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। हादसे के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस हटाकर बहाल कर दिया गया।

 

टक्कर इतनी भीषण कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर काफी भयानक थी। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, आगे का शीशा टूट गया और दाहिनी ओर का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हेडलाइट भी पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

घना कोहरा बना हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि कम दृश्यता के कारण ड्राइवर को आगे चल रहा वाहन दिखाई नहीं दिया और बस उससे टकरा गई। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में यूपी के अलग-अलग इलाकों से कोहरे की वजह से सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

Related Articles

Back to top button