जम्मू : पीएचई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर में पेयजल संकट गहराया

जम्मू। पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले गुरूवार को सैकड़ों डेलीवेजरों ने एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उनकी हड़ताल से शहर में पेयजल संकट गहरा गया है।
उल्लेखनीय है कि जलशक्ति विभाग में कार्यरत 22 हजार डेलीवेजरों को स्थायी करने की मांग को लेकर पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट निरंतर प्रदर्शन कर रहा है। डेलीवेजरों का कहना है कि उनकी मांगे जायज हैं। सरकार ने चतुर्थ श्रेणी सहित अन्य श्रेणी के पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इससे पहले सरकार को चाहिए की वह डेलीवेजरों को स्थायी करे और इसके उपरांत ही नई नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया आरंभ करे।
फ्रंट के प्रचार सचिव रवि हंस ने साफ किया कि जब तक विभाग में पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय से कार्यरत सभी डेलीवेजरों को स्थायी करने सहित अन्य मांगों के बारे लिखित रूप से कोई फैसला नहीं लिया जाएगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इस मामले में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से हस्तक्षेप करने की अपील की है। कर्मचारियों की इस हड़ताल का खामियाजा आमजन भुगत रहा है और उन्हें पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा हैं।

Related Articles

Back to top button