Video: रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग की बर्बर पिटाई, पहले एक शख्श फिर पुलिसकर्मी ने डंडों से पीटा, वजह होश उड़ा देगी!

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा गया कि जयपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर एक दिव्यांग यात्री को पहले थप्पड़ मारा गया और फिर व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे ही उसे डंडों से पीटा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

थप्पड़ और डंडों से की गई मारपीट

वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि व्हीलचेयर पर बैठे दिव्यांग यात्री की हालत नशे में थी और वह गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक बुजुर्ग यात्री ने आपा खो दिया और उसे थप्पड़ जड़ दिया। मामला यहीं नहीं रुका। थोड़ी देर बाद मौके पर मौजूद होमगार्ड जवान ने भी दिव्यांग की व्हीलचेयर पर डंडों से वार किए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो किसी यात्री ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने घटना पर नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि दिव्यांग की नशे की हालत और बदसलूकी के बावजूद उसे थप्पड़ और डंडों से मारना अमानवीय है।

RPF की पुष्टि और जांच शुरू

वायरल वीडियो की जांच करने के बाद RPF इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि यह घटना जयपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट की ही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। RPF ने साफ किया कि यात्री का व्यवहार गलत था, लेकिन इस तरह की हिंसा बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

समाज पर सवाल, इंसानियत पर चोट

इस घटना ने एक बार फिर समाज की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिव्यांग व्यक्ति, जो पहले से ही जीवन की कठिनाइयों से गुजर रहा है, उसे मदद और सहानुभूति की जगह थप्पड़ और डंडे मिले। यह वीडियो न केवल एक घटना का सबूत है बल्कि यह बताता है कि इंसानियत किस तरह कमजोर हो रही है।

आगे की कार्रवाई

वायरल वीडियो के आधार पर अब दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। मानवाधिकार संगठनों ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं और सरकार से न्याय की अपील की है। RPF ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button