आप दिल्ली में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है

दिल्ली में शुक्रवार सुबह सर्दी का सितम, आयानगर में पारा 1.8

दीप्ति अंगरीश

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भीषण ठंड की गिरफ्त में है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से मैदान ठिठुर रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली के आयानगर में शुक्रवार सुबह सबसे कम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह रिज में 3.3 एवं लोधी रोड पर 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे में गुरुवार की तुलना में जरूर कुछ सुधार दिखा। गुरुवार को आयानगर में 2.2, लोधी रोड और रिज में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आरके जैनामनी के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले 3 से बढ़कर 4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम) हो गया, लेकिन कई स्थानों पर तापमान नीचे आ गया। आज दृश्यता का स्तर 200 मीटर तक दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता अभी भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही है। दिल्ली में शनिवार तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। उधर, गुरुवार को देश की राजधानी दिल्ली हिमाचल प्रदेश के डलहौजी, शिमला एवं कांगड़ा से भी ठंडी रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि तीन स्थानों पर यह 2.2 से 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला का 5.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 3.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला का 3.7 डिग्री सेल्सियस, देहरादून का 4.6 डिग्री सेल्सियस, मसूरी का 4.4 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल का 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button