ID दिखाकर मिलेगा 5Kg LPG सिलेंडर, एड्रेस प्रूफ की जरूरत खत्म
ID दिखाकर मिलेगा 5Kg LPG सिलेंडर एड्रेस प्रूफ की जरूरत खत्म सरकार बोली- घबराने की जरूरत नहीं

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होगी।
केवल ID दिखाकर मिलेगा सिलेंडर
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, अब 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर सिर्फ वैध आईडी कार्ड दिखाकर नजदीकी डिस्ट्रीब्यूटर से खरीदा जा सकता है। इस फैसले से खासतौर पर प्रवासी मजदूरों और उन लोगों को फायदा होगा, जिनके पास स्थानीय पते का कोई प्रमाण नहीं होता।
घबराने की जरूरत नहीं, पर्याप्त है स्टॉक
सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। 23 मार्च से अब तक करीब 5.7 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं, जिनमें एक दिन में 71 हजार से ज्यादा बिक्री भी शामिल है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में खरीदारी न करें।
सप्लाई बनाए रखने के लिए उठाए गए कदम
ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए सरकार ने घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ा दिया है और रिफाइनरियों को पूरी क्षमता पर चलाया जा रहा है। साथ ही अस्पतालों और जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
विकल्पों को भी मिल रहा बढ़ावा
मांग को संतुलित रखने के लिए सरकार पीएनजी, केरोसिन और इलेक्ट्रिक कुकिंग जैसे विकल्पों को बढ़ावा दे रही है। राज्यों को नए पीएनजी कनेक्शन तेजी से देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कालाबाजारी पर सख्ती
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। अब तक 3,700 से ज्यादा छापे मारे जा चुके हैं और गड़बड़ी करने वाले डिस्ट्रीब्यूटर्स के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।सरकार का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।



