मौका मिले तो पारी की शुरुआत करना चाहूंगा : सूर्यकुमार यादव

अबू धाबी। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आतिशी पारी खेलने के बाद, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अगर मौका मिले तो वह पारी की शुरुआत करना चाहेंगे।

तीसरे नंबर पर आए सूर्यकुमार ने बुधवार को केकेआर के खिलाफ अहम पारी खेली। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 28 गेंदो पर 47 रन बनाए थे। जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था। 30 वर्षीय सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इससे पहले उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें और 12वें संस्करण में मुंबई के लिए पारी की शुरुआत की थी।

सूर्यकुमार ने वर्चुअल प्रेसवार्ता में कहा, “यह वास्तव में पूरी तरह से टीम प्रबंधन का निर्णय है। मैंने दो संस्करण में मुंबई इंडियंस के लिए पारी की शुरुआत की है और जब भी वे मुझे फिर से पारी शुरू करने का मौका देंगे, मुझे अच्छा लगेगा।”

कप्तान रोहित शर्मा केकेआर के खिलाफ बल्लेबाजी में मुंबई इंडियंस के मुख्य आधार थे। उन्होंने 80 रन की अपनी पारी में छह छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में अपना 200 वां छक्का भी लगाया। वह ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय हैं। सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने आईपीएल में अब तक 214 छक्के लगाए हैं। सूर्यकुमार ने रोहित की शानदार पारी की सराहना की और कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बाउंड्री छोटी हैं या नहीं, रोहित बल्लेबाजी करते समय चीजों को बहुत सरल रखते हैं।

उन्होंने कहा, “वह (रोहित शर्मा) एक विश्वस्तरीय बल्लेबाज हैं। वानखेड़े स्टेडियम में जब वह बल्लेबाजी करने जाते हैं, तो वह चीजों को बहुत सरल रखते हैं और वही चीजें उन्होंने अबू धाबी तक पहुंचाई हैं। यहां बाउंड्री बड़ी हैं।” उन्होंने कहा, “रोहित ने अपना स्वाभाविक खेल खेला, जिसके लिए वह जाने जाते हैं और नतीजा आपके सामने है।” रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियन्स की टीम 28 सितंबर को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना करेगी।

Related Articles

Back to top button