हिमाचल के रणजी खिलाड़ी तेज गेंदबाज सिद्धार्थ शर्मा का निधन

धर्मशाला (हि.स.)। हिमाचल क्रिकेट के लिए लोहड़ी पर्व पर एक बुरी खबर आई है। हिमाचल के रणजी खिलाड़ी 28 वर्षीय सिद्धार्थ शर्मा का गुजरात के बड़ोदरा में निधन हो गया। हिमाचल के इस युवा तेज गेंदबाज की बडोदरा में तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान बीती देर रात उनका निधन हो गया। सिद्धार्थ हिमाचल की टीम के साथ गुजरात के बडोदरा में रणजी मैच खेलने गए थे। तबीयत खराब होने केे कारण वह मैच नही खेल पाए थे इसलिए उन्हें वहां अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पिछले दो सप्ताह तक वेंटिलेटर पर थे। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बसदेहड़ा में किया गया। लोगों ने बड़ी संख्या में नम आंखों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
सिद्धार्थ हिमाचल के उना जिला के बसदेहड़ा के रहने वाले थे। हिमाचल द्वारा बीते साल पहली बार रणजी प्रतियोगिता जीतने में सिद्धार्थ ने अहम भूमिका निभाई थी।

उधर सिद्धार्थ के निधन को क्रिकेट जगत को बड़ी क्षति माना जा रहा है। हिमाचल के लिए तेज गेंदबाज रहे सिद्धार्थ ने अपनी टीम को कई बड़ी प्रतियोगिताओं में जीत दिलाने में बेहतर काम किया था।

सिद्धार्थ के निधन पर एचपीसीए के पदाधिकारियों सहित हिमाचल और बाहरी राज्यों के क्रिकेट खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया है। क्रिकेट जगत में अपनी खास पहचान बनाने वाले सिद्धार्थ के असमय निधन पर पूरा क्रिकेट जगत स्तब्ध है। उनके चले जाने से हिमाचल क्रिकेट को एक बड़ा धक्का लगा है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिुह सुक्खू ने भी सिद्धार्थ के निधन पर शेाक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की हैं।

Related Articles

Back to top button