हिलसा से RJD प्रत्याशी 10.72 करोड़ के मालिक हैं: 5 साल में चौगुनी हुई शक्ति यादव की प्रॉपर्टी; इनकम का सोर्स कृषि, किराया और पेंशन बताया
हिलसा से आरजेडी प्रत्याशी शक्ति यादव की कुल संपत्ति 5 साल में 10.72 करोड़ रुपए हो गई। चल-अचल संपत्ति, वाहन, सोना-चांदी में इजाफा, आय कृषि, किराया और पेंशन से होती है।

नालंदा: नालंदा जिले की हिलसा विधानसभा सीट से आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता और लालू परिवार के करीबी अत्रि मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव ने नामांकन दाखिल किया है। हलफनामे के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में उनकी और परिवार की कुल संपत्ति लगभग चौगुनी बढ़कर 10.72 करोड़ रुपए हो गई है। वर्ष 2020 में यह केवल 2.73 करोड़ रुपए थी। पिछली बार वे सिर्फ 12 वोटों से हार गए थे।
चल संपत्ति में नौ गुना की बढ़ोतरी
हलफनामे के अनुसार सबसे बड़ा इजाफा चल संपत्ति में हुआ। 2020 में परिवार के पास करीब 60 लाख रुपए की चल संपत्ति थी, जो अब बढ़कर 5.61 करोड़ रुपए हो गई है। अचल संपत्ति की कीमत भी 2.13 करोड़ से बढ़कर 5.11 करोड़ हो गई है। चल संपत्ति में यह वृद्धि नकदी, बैंक बैलेंस, शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य निवेशों के रूप में हो सकती है।
पत्नी की संपत्ति में सबसे अधिक इजाफा
शक्ति यादव की पत्नी सुलेखा कुमारी की अचल संपत्ति में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई। उनके नाम हिलसा और पटना (दीघा) में गैर–कृषि भूमि है। मूल्य 1.54 करोड़ से बढ़कर 3.83 करोड़ रुपए हो गया। वहीं, शक्ति यादव की खुद की अचल संपत्ति 59.50 लाख से बढ़कर 1.28 करोड़ हो गई। उनके पास बीरणावां और तेलहर में चार एकड़ कृषि भूमि भी है।
वाहन और धातु संपत्ति में बढ़ोतरी
2020 में उनके पास एक स्कॉर्पियो और दो बाइक थीं। अब परिवार के पास महिंद्रा थार जैसी नई गाड़ी शामिल हो गई है, जिसकी कीमत 26.12 लाख रुपए है। सोने की मात्रा 300 ग्राम से बढ़कर 370 ग्राम (38.5 लाख रुपए) और चांदी 500 ग्राम से बढ़कर 750 ग्राम (85 हजार रुपए) हो गई है।
आय का स्रोत और कानूनी मामले
शक्ति यादव ने आय का स्रोत कृषि और पूर्व विधायक के रूप में पेंशन बताया है। पत्नी की आय कृषि, मकान किराया से होती है। हालांकि, उनके ऊपर लंबित आपराधिक मामलों की संख्या भी बढ़कर 5 हो गई है। नए मामले में कोविड-19 लॉकडाउन उल्लंघन, महामारी अधिनियम और ध्वनि विस्तारक अधिनियम शामिल हैं।



