बिहार चुनाव में NDA को करारा झटका, मढ़ौरा से LJP (R) प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन कैंसिल

बिहार चुनाव में एनडीए को बड़ा झटका लगा है। मढ़ौरा से लोजपा (रामविलास) प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन दस्तावेजों में खामी के कारण रद्द हो गया। तीन अन्य उम्मीदवारों का पर्चा भी खारिज हुआ। अब इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन रहे हैं।

मढ़ौरा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण से पहले एनडीए गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द कर दिया गया है। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान निर्वाचन आयोग ने उनके दस्तावेजों को अवैध और अधूरा पाया।

निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सीमा सिंह के नामांकन पत्र में जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं थे, इसलिए इसे अमान्य घोषित किया गया। यह सीट एनडीए के कोटे में लोजपा (रामविलास) को दी गई थी। सीमा सिंह ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते उनका पर्चा खारिज हो गया।

तीन अन्य प्रत्याशियों के पर्चे भी खारिज

सीमा सिंह के साथ तीन अन्य प्रत्याशियों के नामांकन भी रद्द किए गए हैं। इनमें बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के आदित्य कुमार, जदयू के बागी निर्दलीय उम्मीदवार अल्ताफ आलम उर्फ राजू, और निर्दलीय विशाल कुमार शामिल हैं। इस तरह कुल चार उम्मीदवार अब चुनावी दौड़ से बाहर हो गए हैं। इससे मढ़ौरा सीट पर मुकाबला और रोचक हो गया है।

मढ़ौरा में कमजोर हुआ एनडीए का समीकरण

सीमा सिंह का नामांकन रद्द होना एनडीए के लिए चुनावी झटका साबित हो सकता है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में 11 वर्षों तक पहचान बनाने वाली सीमा सिंह ने राजनीति में आकर मढ़ौरा की जनता की सेवा करने की इच्छा जताई थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अब इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। एनडीए को यहां उम्मीदवार बदलने या नई रणनीति अपनाने की जरूरत पड़ सकती है। मढ़ौरा, सारण जिले की महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित सीट मानी जाती है, जहां हर बार कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है।

Related Articles

Back to top button