गुवाहाटी : पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

गुवाहाटी । प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों की निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार को लोगों को राहत देने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। पार्टी के प्रवक्ता तथा सचिव अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि कोरोना से परेशान आम जनता पेट्रोल और डीजल की कीमतों से बेहद परेशान है। मूल्य वृद्धि से आम लोगों पर और अधिक आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

पेट्र-ल डीजल की कीमत की बढ़ोतरी के कारण नित्य व्यवहार किए जाने वाले सामानों की कीमत भी बढ़ने लगी है। देश की कृषि व्यवस्था पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ा है। अपूर्व भट्टाचार्य ने सवाल उठाते हुए कहा कि तुलनात्मक रूप में पूर्वोत्तर के अन्य राज्य असम से कम कीमत पर तेल बिक्री कर सकते हैं तो सोनवाल सरकार ऐसा क्यों नहीं कर सकती है?

उन्होंने कहा है कि भाजपा शासनाधीन सरकार को लोगों को राहत देने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। कोरोना के कारण आम जनता परेशान है उस पर भाजपा सरकार और अधिक आर्थिक बोझ लाद दिया है। कोरोना की रोकथाम पर खर्च होने वाले धन के लिए राज्य सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर अतिरिक्त वैट लगा दिया। जिस कारण 23 अप्रैल से डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ गयी हैं।

अपूर्व भट्टाचार्य ने आरोग्य निधि में जमा धन के तथ्य राज्य सरकार से सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा भ्रष्टाचार में दिसपुर के राजनेताओं जुड़े होने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button