Video: “दादी को मत मारो” – शराबी माँ के हाथ जोड़ता रहा बेटा, लेकिन बहू को सास पर नहीं आया रहम, पोते ने बनाया वीडियो!

पंजाब के गुरदासपुर जिले के कोठे गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बहू ने अपनी बुजुर्ग सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस और पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है।
वीडियो में दिखी बेरहमी, पोता बना रहा था रिकॉर्डिंग
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग महिला जमीन पर बैठी है और उसकी बहू उसके बाल पकड़कर खींच रही है। इसके बाद वह स्टील का गिलास फेंकती है और बार-बार थप्पड़ मारती है। इस दौरान पीड़िता पूरी तरह बेबस नजर आती है और अपने बेटे से मदद की गुहार लगाती है।
गौर करने वाली बात यह है कि उसी समय पोता पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। वीडियो में वह अपनी मां से कहता है – “दादी को मत मारो”, लेकिन उसने बीच में आकर रोकने की कोशिश नहीं की।
#पंजाब के #गुरदासपुर में एक बहू ने बूढ़ी सास की बेरहमी से पिटाई की,बहू सास को बाल पकड़कर झिंझोड़ा,स्टील के गिलास मारे,इससे सांस हांफने लगी तो फिर उठकर उसके गाल पर थप्पड़ मारे। इस दौरान बुजुर्ग का पोता वहीं खड़ा इस सबका वीडियो बनाता रहा,@DeepikaBhardwaj pic.twitter.com/QancXvwN8H
— Sahil Rukhaya (@Sahilrukhaya7) October 1, 2025
पुलिस जांच में जुटी, महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
मामला तिब्बड़ पुलिस स्टेशन तक पहुंचा, जहां शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और गवाहों से पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएसपी गुरदासपुर को पत्र लिखा। आयोग ने किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से जांच कराने और 2 अक्टूबर तक एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है।
पीड़िता गुरबचन कौर के गंभीर आरोप
पीड़ित बुजुर्ग महिला गुरबचन कौर ने बताया कि उनके पति, जो सेवानिवृत्त बीपीईओ थे, चार महीने पहले गुजर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू हरजीत कौर लंबे समय से उनके साथ मारपीट कर रही है।
गुरबचन कौर का कहना है कि बहू अक्सर उनके बेटे को भी प्रताड़ित करती है और दबाव डालती है कि सारी संपत्ति उसके नाम कर दी जाए। रविवार को जब उन्होंने बहू के खिलाफ वीडियो बनाने की कोशिश की, तो बहू ने उन पर हमला कर दिया, फोन छीन लिया और उनकी पिटाई कर दी।
पोते और बेटे ने भी लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के पोते चरतवीर सिंह ने बताया कि उसकी मां शराब पीने की आदी है और नशे की हालत में दादी और पिता को अक्सर पीटती है। उस दिन भी उसने दादी पर हमला किया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उसने सबूत के तौर पर रखी।
चरतवीर ने कहा कि परिवार ने पहले भी पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने केवल चेतावनी देकर उसकी मां को छोड़ दिया। उसने मांग की है कि उसकी मां के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
ग्रामीणों में गुस्सा, कार्रवाई की मांग तेज
इस घटना ने न सिर्फ गांव बल्कि पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स ने बुजुर्ग महिला के साथ हुई मारपीट की कड़ी निंदा की है। लोग आरोपी बहू के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



