महाराष्ट्र के राज्यपाल को मुंगेर हिंसा पर बिहार के राज्यपाल से चर्चा करनी चाहिए : संजय राऊत

मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता एवं राज्यसभा के सदस्य संजय राऊत ने कहा कि बिहार के मुंगेर में हिंसा के मामले में महाराष्ट्र के राज्यपाल को बिहार के राज्यपाल से चर्चा करनी चाहिए।

सांसद राऊत ने शुक्रवार को मुंबई में पत्रकारों से कहा कि मुंगेर में दुर्गापूजा के दौरान शुरू हुई हिंसा आज भी जारी है। राऊत ने कहा कि शुक्रवार सुबह उन्होंने इस बाबत जानकारी ली तो पता चला कि मुंगेर में मंदिर परिसर के पास अभी भी हिंसा जारी है। पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावग्रस्त है।

राऊत ने कहा कि इस घटना पर अपने आपको हिन्दुत्ववादी कहने वाले क्यों चुप हैं, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना अगर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल या राजस्थान में होती तो खुद को हिन्दुत्ववादी कहलाने वाले राष्ट्रपति शासन की मांग करते। महाराष्ट्र में हर बात पर उद्धव ठाकरे की सरकार पर सवाल उठाने वाले राज्यपाल भी इस घटना पर चुप हैं, जो समझ से परे है।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले मुंगेर जिले में रात को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और पथराव में एक युवक की मौत हो गई थी और 12 से अधिक लोग घायल हुए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक की मौत पुलिस की गोलीबारी में हुई। इस मामले में निर्वाचन आयोग ने मुंगेर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटाने का आदेश दिया है और मगध प्रमंडल के आयुक्त को पूरे मामले की जांच कर अगले सात दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Back to top button