नीट विवाद पर सरकार घिरी: मंत्री प्रधान ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि विपक्ष का उद्देश्य संसद के मानसून सत्र को बाधित करना है
नई दिल्ली। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं को लेकर बढ़ते राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, विपक्ष का आरोप है कि सरकार छात्रों की चिंताओं का जवाब देने के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझी हुई है।
दिल्ली में विपक्ष के ‘चलो संसद’ मार्च के बाद शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि संसद के मानसून सत्र को बाधित करना है।
हालांकि, विपक्ष का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा और सरकार से जवाबदेही की मांग लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
‘चलो संसद’ प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोका। इस दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भारी बल प्रयोग की घटनाएं भी सामने आईं। विपक्ष ने इसे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को दबाने की कोशिश बताया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई को आवश्यक बताया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि परीक्षा संबंधी विवादों पर सरकार की प्रतिक्रिया लगातार विपक्ष के निशाने पर रही है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार छात्रों की शिकायतों और परीक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मूल मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने के बजाय राजनीतिक आरोपों के जरिए बहस का केंद्र बदलने की कोशिश कर रही है।
दूसरी ओर, केंद्र सरकार का दावा है कि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सरकार का यह भी कह रही है कि विपक्ष छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अभी हाल ही में परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष के विरोध पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देते हुए ट़वीट कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी पर संसद के मानसून सत्र के दौरान इस मुद्दे का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।
देखा जाए तो नीट विवाद अब केवल परीक्षा व्यवस्था का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि संसद से लेकर सड़कों तक सरकार और विपक्ष के बीच टकराव का प्रमुख विषय बन चुका है। छात्रों और अभिभावकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठाती है और क्या इस मुद्दे पर संसद में सार्थक चर्चा हो पाती है।
https://x.com/dpradhanbjp/status/2079617783613313136?s=20



