गाजीपुर: गंगा स्नान को जा रही 4 महिलाओं को ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत

गाजीपुर। जनपद के जमानिया कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन गंगा स्नान करने जा रही चार महिलाओं को बालू लदे एक ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।

जमानिया कोतवाली पुलिस के अनुसार मृतक महिलाओं की पहचान ताजपुर मंझरिया गांव निवासी मीरा देवी (35), किरन (15) और ज्योति देवी (58) के रूप में हुई है। घायल महिला का नाम भाग्यमनी देवी है। ये चारों महिलाएं शुक्रवार की सुबह पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन घर से पैदल ही गंगा स्नान के लिए गंगा घाट जा रही थीं, तभी बालू लदे एक ट्रक ने इन महिलाओं को रौंद दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इस दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल किया। जमानिया गाजीपुर मार्ग पर यातायात जाम हो गया। तुरंत थाना जमानिया, सुहवल और नगसर की पुलिस मौके पर भेजी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया-बुझाया, उसके बाद लोगों ने जाम समाप्‍त किया।

Related Articles

Back to top button