पूर्व विदेश मंत्री निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स चुने गए साइप्रस के नए राष्ट्रपति

निकोसिया, 13 फरवरी

साइप्रस के पूर्व विदेश मंत्री निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स को देश का नया राष्ट्रपति चुना गया है। उन्होंने कांटे के संघर्ष में एंड्रियास मावरोयनिस को चुनाव में हराया ।

साइप्रस में इस बार का चुनाव खासा संघर्ष भरा माना जा रहा था। इस बार पिछली बार की तुलना में अधिक वोट पड़े। साइप्रस के कुल मतदाताओं में से 72.4 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें से 51.9 प्रतिशत ने पूर्व विदेश मंत्री निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के पक्ष में मतदान किया। उनके प्रतिद्वंद्वी एंड्रियास मावरोयनिस को 48.1 प्रतिशत वोट मिले हैं। चुनाव में हार स्वीकार करते हुए एंड्रियास मावरोयनिस ने चुनाव परिणामों के बाद एक यात्रा समाप्त होने की बात कही।

उन्होंने अपने चुनाव अभियान को एक शानदार यात्रा करार देते हुए कहा कि उन्होंने इस यात्रा को हजारों लोगों के साथ साझा किया। उन्होंने दुख जाहिर किया कि वे साइप्रस के लिए जरूरी बदलाव को हासिल नहीं कर सके। उधर मतगणना से पहले ही क्रिस्टोडौलाइड्स ने अपनी जीत पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा था कि साइप्रस के लोग जानते और समझते हैं कि दांव पर क्या लगा है। उन्होंने साइप्रस की जनता के फैसले पर पूरा भरोसा जताया था। अंतत: उन्हें चुनाव जिताकर जनता ने भी निराश नहीं किया।

Related Articles

Back to top button