केन्द्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने दिया बयान

केन्द्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्तानथपुरम से नागापट्टिनम तक चार लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग और सागरमाला परियोजना के तहत 49 करोड़ रुपये की लागत से छोटे बंदरगाह सहित कई परियोजनाओं को शुरू करने की घोषणा करके पुड्डुचेरी और कराईकल के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

नारायणसामी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में चार-लेन सड़क योजना विकसित की गई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब केन्द्र सरकार पुड्डुचेरी के लिए इस तरह की घोषणा करके नाटक कर रही है और केन्द्रशासित प्रदेश के लोगों को गुमराह करते हुए इस तरह के समारोह पुड्डुचेरी में आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जैपमेर-कराईकल भवन और एक छोटे बंदरगाह के लिए मंजूरी तीन और चार साल पहले दी गई थी और लेकिन श्री मोदी ने अब इसकी आधारशिला रखी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हेरिटेज मेरी बिल्डिंग को विश्व बैंक कोष से बनाया गया था और इसमें केन्द्र सरकार का धन नहीं लगा है। श्री मोदी को इसका उद्घाटन करने का कोई नैतिक आधिकार नहीं है।

उन्होंने एक जनसभा में प्रधानमंत्री के इस दावे का खंडन करते हुए कि पुड्डुचेरी में कोई विकास नहीं हुआ है, पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश में अर्थव्यवस्था में 10.2 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई है।
नारायणसामी ने केंद्र सरकार पर 40 फीसदी के बजाय 20 प्रतिशत अनुदान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि तत्कालीन उप राज्यपाल किरण बेदी ने 52 योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व उप राज्यपाल और केन्द्रीय गृह मंत्री केन्द्रशासित प्रदेश में पंचायत चुनाव कराने के हक में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पुड्डुचेरी की जनता भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र की हत्या’ को देख रही है और वे अगले विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को सबक सिखाएगी।

Related Articles

Back to top button