Fatehpur Mother Killing: शराब के पैसों के लिए बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला

शराब के लिए पैसों को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा नशे में धुत बेटे ने मां पर लोहे की रॉड से किया हमला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Up news: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपनी 43 वर्षीय मां माया देवी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मां को तड़पता हुआ देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे तो खून से लथपथ हालत देखकर सभी दंग रह गए। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

 

शराब की लत बनी हत्या की वजह

मृतका के पति रामचंद्र रैदास ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अरविंद कुमार (23) शराब का आदी है और अक्सर मां से पैसे मांगता रहता था। घटना वाले दिन शाम करीब चार बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा और पैसे मांगने लगा। मना करने पर उसने घर में रखी मोटरसाइकिल के सॉकर से मां पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

इलाज के दौरान हुई मौत

हमले के बाद परिवार और पड़ोसियों की मदद से माया देवी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान माया देवी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

 

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी

परिजनों के मुताबिक, मां पर हमला करने के बाद अरविंद वहीं बैठा रहा और उसे तड़पता देखता रहा। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह भाग निकला। पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपी को दीवान के पूर्व मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

 

पिता की तहरीर पर केस दर्ज

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button