राज्यों से दिल्ली पहुंचे किसान, पुलिस ने राजधानी के सभी संपर्क मार्ग किये सील

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए पंजाब, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों से करीब पांच हजार ट्रैक्टर लेकर किसान दिल्ली की सीमा पर एक दिन में पहुंच गए हैं।

वहीं दिल्ली के सभी संपर्क मार्ग पुलिस ने सील कर दिए हैं। इधर, पंजाब में आप ने किसानों के ट्रैक्टर मार्च के समर्थन में मोटरसाइकिल रैली निकाली।

बठिंडा में बैठक करने पहुंचे भाजपा नेताओं को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

किसान नेता गुरविंदर सिंह, गुरदेव सिंह व कश्मीर सिंह ने बताया कि किसान अपने साथ खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेकर जा रहे हैं।

अमृतसर में नेता सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धासुमन आर्पित करने के बाद हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सिंघु बॉर्डर के लिए रवाना हुए।

ट्रैक्टरों पर केसरी व नीले रंग के झंडे लगा कर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे तब तक वह नहीं लौटेंगे।

भाजपा नेता का विरोध करने पहुंचे किसानों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की
बठिंडा में भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया शनिवार को एक होटल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेने पहुंचे।

सूचना पर कालिया का विरोध करने के लिए किसान होटल की ओर जाने लगे। पुलिस ने किसानों को आगे जाने से रोक दिया। इस पर पुलिस और किसानों के बीच धक्कामुक्की हो गई। बाद में किसी तरह मामला शांत कराया गया।

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेता जसवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक भाजपा नेताओं का घेराव जारी रहेगा।

पंजाब के मानसा जिले के किसान भोला सिंह (48) की शनिवार की सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं नेशनल हाईवे 71 पर डीघल गांव में किसानों का धरना जारी है।

ट्रैक्टरों पर झंडे लगाकर किसानों ने ढांसा व टीकरी बॉर्डर की ओर रुख किया। शनिवार को धनखड़ बारहा खाप से किसान ढांसा बार्डर पहुंचे।

हाईवे स्थित खेड़ा बॉर्डर व मसानी बैराज पर किसानों का धरना जारी है। 24 जनवरी को खेड़ा बॉर्डर स्थित धरना स्थल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आने की संभावना। राजस्थान पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button