इमरान की पार्टी के इस पूर्व विधायक ने यूँ बेनकाब कर दिया पाकिस्तान को

भारत पर अनैतिक होने के आरोप लगाने वाले पाकिस्तान(Pakistan) के ही एक पूर्व विधायक ने पाकिस्तान पर यही आरोप लगाए हैं। पाकिस्तान के पूर्व विधायक बलदेव कुमार सिंह भारत वापिस आ गए हैं और पाकिस्तान का असली चेहरा दुनिया के सामने ला रहे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ(PTI) के पूर्व विधायक बलदेव कुमार सिंह(Baldev Kumar Singh) ने पाकिस्तान में नागरिको से उनके अधिकार छीने जाने का आरोप लगाया है।

पिछले महीने पंजाब वापिस आकर PTI के पूर्व विधायक बलदेव सिंह ने बताया कि आखिर पाकिस्तान में किस तरह अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है। मंगलवार को खन्ना में कुमार ने कहा, ‘‘मैं यहां शरण लेने आया हूं और मोदी साहब से मदद की गुहार लगाऊंगा।’’ पाकिस्तान को लेकर उन्होंने कहा,‘‘सारी दुनिया पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति देख रही है। हमें उम्मीद थी कि खान साहब के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान की किस्मत बदलेगी।’’ बलदेव कुमार सिंह ने कहा कि इमरान खान(Imran Khan) अपने वादों पर खरे नहीं उतरे हैं। सिर्फ मुझपर नहीं बल्कि सभी हिंदू और सिखों पर भी वहां खतरा बना हुआ है। जब मेरे ऊपर अत्याचार बढ़ने लगा तो मैं वापस भारत आ गया। इमरान खान अपने किसी भी वादे पर खरे नहीं उतरे हैं। कुमार ने कहा, ‘‘ आप स्थिति देख रहे हैं और मैं भी वही देख रहा हूं। उस दिन हमारी सिख लड़की का अपहरण कर लिया गया। ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए।’’ उन्होंने बताया कि इमरान खान ने हिंदू-सिख क्या मुसलमानों के लिए भी कुछ नहीं किया है। महंगाई की वजह से जो चीज़ पहले 500 रुपये में मिलती थी, वो आज 5000 में मिल रही है। इमरान खान का नया पाकिस्तान उन्हें मुबारक हो, वहां कुछ भी नहीं है।

बलदेव कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने दूसरे पाकिस्तानी सिखों से भी भारत आने का आग्रह किया है। कहा कि सिंध और ननकाना साहिब में कई परिवार हैं, जिन्होंने उनसे कहा है कि उन्हें भारत में शरण मिलने पर वे भी पाकिस्तान छोड़ने की कोशिश करेंगे। आपको बता दें कि पाकिस्तानी पार्टी पीटीआई के पूर्व सदस्य बलदेव कुमार सिंह पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बारिकोट सीट से प्रांतीय विधानसभा के पूर्व सदस्य हैं। अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वे पिछले महीने भारत आए थे और इस समय पंजाब के लुधियाना जिले में रह रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से भारत में शरण देने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button