दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हुई जोरदार बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को दिलाई राहत मौसम विभाग ने दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट किया जारी, 60 किमी की रफ्तार से चलीं हवाएं अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान, गरज-चमक के साथ बारिश का दौर रहेगा जारी

Delhi weather: राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी है। दिल्ली-एनसीआर में बीती रात से शुरू हुआ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला आज भी जारी रहा। दोपहर बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के आसमान में अचानक काले बादल उमड़ आए और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते कई इलाकों में जोरदार बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को सुकून मिला है और तापमान में बड़ी गिरावट आई है।
दिल्ली के इन इलाकों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के कई हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसमें नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली सहित शाहदरा और बाहरी उत्तरी दिल्ली जैसे इलाके शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों तक इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। ओलावृष्टि के आसार को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Delhi weather: गर्मी से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय हुए नए सिस्टम की वजह से यह बदलाव देखने को मिला है। बारिश और ओले गिरने की वजह से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो इस मौसम के सामान्य औसत से काफी कम है। स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बारिश से न केवल गर्मी कम हुई है, बल्कि वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।
अगले दो दिनों तक बना रहेगा खुशनुमा मौसम
Delhi weather: आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी अगले एक-दो दिनों तक भीषण लू या तपती गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुक कर बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार हो रही इस बारिश ने मई की शुरुआत में ही मानसून जैसा अहसास करा दिया है, जिससे राजधानी के पार्कों और पिकनिक स्पॉट्स पर लोगों की रौनक बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में 70 वर्षीय सपा नेता का 20 साल की युवती से चौथा निकाह, विवाद पहुंचा पुलिस के पास



