हंसराज कॉलेज के फेस्ट में हुआ खूनी संघर्ष, 14 छात्रों पर एफआईआर और 30 सस्पेंड
हंसराज कॉलेज फेस्ट में हुई हिंसा पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 14 छात्रों पर दर्ज हुआ मुकदमा। बाहरी लोगों के प्रवेश और अनुशासनहीनता के चलते कॉलेज प्रशासन ने 30 छात्रों को किया सस्पेंड। बिना गिरफ्तारी के जांच जारी, सोशल मीडिया पर कॉलेज को बदनाम करने का भी लगा है गंभीर आरोप।

Delhi University: दिल्ली के मशहूर हंसराज कॉलेज में हुए बवाल ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। इस महीने की शुरुआत में कॉलेज फेस्ट के दौरान जो मारपीट और हंगामा हुआ था, उस मामले में दिल्ली पुलिस ने 14 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह पूरी घटना 8 और 9 अप्रैल को हुए वार्षिक उत्सव के दौरान हुई थी, जहां जमकर दुर्व्यवहार और हिंसा देखने को मिली थी। कॉलेज प्रशासन की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर यह कदम उठाया है।
बाहरी लोगों की एंट्री ने बिगाड़ा माहौल
जांच में यह बात सामने आई है कि फेस्ट के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी लोग कैंपस के अंदर घुस आए थे। इसी वजह से स्थिति और ज्यादा खराब हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी सबूत जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Delhi University: 30 छात्रों पर गिरी निलंबन की गाज
पुलिसिया कार्रवाई से पहले ही कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए करीब 30 छात्रों को सस्पेंड कर दिया था। इनमें छात्र संघ के चार बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं। इन छात्रों पर सोशल मीडिया के जरिए कॉलेज की छवि खराब करने और स्टाफ के साथ बदतमीजी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। कॉलेज ने साफ कर दिया है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, ये छात्र परीक्षाओं के अलावा किसी भी काम के लिए कैंपस में कदम नहीं रख पाएंगे।
नोटिस और अनुशासनहीनता का पूरा मामला
Delhi University: कॉलेज की तरफ से जारी नोटिस में बताया गया है कि ये छात्र न सिर्फ हिंसा में शामिल थे, बल्कि इन्होंने कैंपस की व्यवस्था में भी बाधा डाली। पहला नोटिस 20 अप्रैल को एक छात्र को दिया गया था, जबकि उसके बाद 14 और छात्रों के नाम उजागर किए गए। हालांकि, इस पूरे विवाद पर कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. रामा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल कैंपस में तनाव का माहौल है और छात्र अपनी निलंबन अवधि को लेकर असमंजस में हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी में आसमान से बरस रही है आग! नोएडा-गाजियाबाद के स्कूलों का टाइम बदला



