दिल्ली में पहली बार होगी कृत्रिम बारिश, 29 अक्टूबर को क्लाउड सीडिंग से घटेगा प्रदूषण
दिल्ली सरकार ने प्रदूषण कम करने के लिए क्लाउड सीडिंग के जरिए कृत्रिम बारिश की तैयारी पूरी कर ली है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अक्टूबर को राजधानी में पहली आर्टिफिशियल रेन हो सकती है, जिससे वायु गुणवत्ता सुधरने की उम्मीद है।

नई दिल्ली: लंबे इंतजार के बाद दिल्लीवालों को आखिरकार राहत मिलने जा रही है। दिवाली के बाद लगातार बढ़ते प्रदूषण स्तर से परेशान राजधानी में अब क्लाउड सीडिंग के जरिए कृत्रिम बारिश कराने की तैयारी पूरी हो चुकी है। दिल्ली सरकार ने तारीखें तय कर दी हैं और अगर मौसम अनुकूल रहा, तो 29 अक्टूबर को राजधानी पहली बार आर्टिफिशियल रेन का अनुभव करेगी।
दिवाली के बाद प्रदूषण में जबरदस्त उछाल
सुप्रीम कोर्ट से ग्रीन पटाखों की मंजूरी के बाद दिल्ली-NCR में दिवाली पर जमकर आतिशबाजी हुई। नियमों की अनदेखी ने प्रदूषण के स्तर को और बढ़ा दिया। नतीजतन, राजधानी की हवा एक बार फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। इसके बाद दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए क्लाउड सीडिंग योजना को तेजी से आगे बढ़ाया।
मौसम की अनुकूल परिस्थितियों का इंतजार था
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि शुरुआत में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण क्लाउड सीडिंग नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा था कि सरकार बादलों में पर्याप्त नमी आने का इंतजार कर रही है, ताकि प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा सके। अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में अनुकूल हालात की संभावना जताई है।
तैयारियां पूरी, सफल ट्रायल भी हुआ
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर जानकारी दी कि बुराड़ी क्षेत्र में क्लाउड सीडिंग का सफल परीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक न केवल प्रदूषण से राहत दिलाएगी, बल्कि राजधानी में वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
दिल्ली में पहली बार क्लाउड सीडिंग के माध्यम से कृत्रिम वर्षा कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज विशेषज्ञों द्वारा बुराड़ी क्षेत्र में इसका सफल परीक्षण किया गया है।
मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अक्टूबर को बादलों की उपस्थिति की संभावना जताई है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो…
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) October 23, 2025
29 अक्टूबर को हो सकती है पहली कृत्रिम वर्षा
मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अक्टूबर को बादलों की उपस्थिति की संभावना जताई है। ऐसे में 29 अक्टूबर को पहली कृत्रिम वर्षा की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही है। सीएम ने इस मिशन में जुड़े सभी अधिकारियों और विशेषज्ञों को शुभकामनाएं दीं और इसे “दिल्ली के लिए ऐतिहासिक पहल” बताया।



