दिल्ली में मामूली विवाद बना जानलेवा: अशोक विहार में युवक की चाकू मारकर हत्या
मामूली कहासुनी ने ली युवक की जान सुलभ शौचालय में मिला खून से लथपथ शव पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Delhi news: राजधानी दिल्ली से एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अशोक विहार थाना क्षेत्र के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मच्छी मार्केट में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।
कैसे हुई वारदात?
पुलिस के मुताबिक, 8 अप्रैल की शाम करीब 6:23 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि बी-ब्लॉक फिश मार्केट में सुलभ शौचालय के अंदर एक युवक पर चाकू से हमला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला।
Delhi news: नेपाल का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान 27 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था और वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संतोष की एक बाइक सवार युवक से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल संतोष किसी तरह सुलभ शौचालय तक पहुंचा, लेकिन ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
Delhi news: इस मामले में अशोक विहार थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तानिश (19) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: कानपुर में पूर्व एडिशनल कमिश्नर पर बड़ा एक्शन, 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा



