दिल्ली कैबिनेट ने ‘ट्री ट्रांसप्लांटेशन पॉलिसी’ को दी मंजूरी, काटे गए पेड़ों में से 80 प्रतिशत का करना होगा ट्रांसप्लांटेशन

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कैबिनेट ने प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर दो ऐतिहासिक निर्णय लिए। केजरीवाल ने कहा कि कैबिनेट ने ट्री ट्रांसप्लांटेशन पाॅलिसी पास कर दी है। अब एक पेड़ काटने के बदले 10 पौधे तो लगाने ही होंगे, इसके अतिरिक्त उसमें से 80 प्रतिशत पेड़ों का ट्रांसप्लांटेशन करना होगा। दिल्ली सरकार पेड़ों का ट्रांसप्लांटेशन करने वाली एजेंसी का एक पैनल बनाएगी और संबंधित विभाग इनमें से किसी एजेंसी से काम करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ट्रांसप्लांट किए गए पेड़ों में से 80 प्रतिशत से कम जीवित होने पर उस एजेंसी के भुगतान में कटौती की जाएगी और 80 प्रतिशत से ज्यादा जीवित होने पर पूरा भुगतान किया जाएगा। दिल्ली सरकार डेडीकेटेड ट्री ट्रांसप्लांटेशन सेल और स्थानीय कमेटी बना रही है। स्थानीय कमेटी ट्रांसप्लांट हुए पेड़ों की जांच और निगरानी करने के साथ सही ट्रांसप्लांटेशन होने पर प्रमाण पत्र देगी।

केजरीवाल ने कहा कि इसके अलावा कैबिनेट ने प्रदूषण के मद्देनजर कनाॅट प्लेस में स्माॅग टाॅवर लगाने का निर्णय लिया। यह स्माॅग टाॅवर चीन के बाद दुनिया का दूसरा स्माॅग टाॅवर होगा, जो ऊपर से हवा लेगा और साफ कर नीचे फेकेगा, ताकि लोगों को साफ हवा मिल सके। उन्होंने कहा कि आज इस स्माॅग टाॅवर को लगाने के लिए दिल्ली कैबिनेट ने 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले 10 महीने के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसे हम एक पायलट प्रोजेक्ट बोल रहे हैं, क्योंकि यह सफल हुआ, तो फिर इस तरह के कई और स्माॅग टाॅवर दिल्ली के अंदर लगाए जाएंगे।

केजरीवाल ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले दिल्ली के लोगों ने मिलकर प्रदूषण के खिलाफ एक महा अभियान ‘युद्ध, प्रदूषण के विरुद्ध’ शुरू किया था। हम सब मिल कर आने वाले समय में इस अभिायन के तहत बहुत सारे काम करेंगे। इसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पॉलिसी लागू हो रही है, ट्री ट्रांसप्लांटेशन और पराली से निपटने की बात समेत बहुत से हमने काम कहे थे। उसी का एक अंग ट्री ट्रांसप्लांटेशन पाॅलिसी था। आज सुबह दिल्ली कैबिनेट की बैठक हुई थी। उस बैठक में ट्री ट्रांसप्लांटेशन पॉलिसी पास कर दी गई है।

केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार के तहत एक डेडीकेटेड ट्री ट्रांसप्लांटेशन सेल भी बना रहा है और लोकल कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें सरकारी कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और आरडब्ल्यूए के लोग शामिल होंगे। यह कमेटी ट्रांसप्लांट किए हुए पेड़ों की जांच करेगी और उसकी निगरानी करेगी। साथ ही कमेटी प्रमाण पत्र भी देगी कि ट्री ट्रांसप्लांटेशन सही हुआ है।

Related Articles

Back to top button