दिल्ली के विवेक विहार में भीषण अग्निकांड, AC ब्लास्ट ने ली मासूम बच्चे समेत 9 लोगों की जान
तड़के 4 बजे 6 फ्लैटों में मची तबाही, 3 मंजिलों तक पहुंची आग की लपटें 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, मलबे से निकाले गए 9 शव, कई घायल दिल्ली सरकार ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन

Delhi Ac blast: दिल्ली के विवेक विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शनिवार-रविवार की दरमियानी रात भीषण आग ने हंसते-खेलते परिवारों को अपनी चपेट में ले लिया। एक छोटी सी लापरवाही या तकनीकी खराबी कितनी भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देखते ही देखते तीन मंजिलों के 6 फ्लैट आग के गोले में तब्दील हो गए। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के मासूम बच्चे समेत 9 लोगों की जान चली गई है।
आधी रात को मौत बनकर आया AC ब्लास्ट
बताया जा रहा है कि यह भीषण हादसा तड़के करीब पौने चार बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (AC) में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने बिजली की रफ्तार से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
Delhi Ac blast: चीख-पुकार के बीच बचाव अभियान
आग लगते ही पूरी बिल्डिंग में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 15 लोगों को इमारत से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और क्राइम टीम अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि क्या सुरक्षा मानकों में कोई कमी रह गई थी।
Delhi Ac blast: एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत
इस हादसे ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों में 1.5 साल के मासूम आकाश जैन से लेकर 60 साल के बुजुर्ग अरविंद जैन तक शामिल हैं। मृतकों की पहचान हो चुकी है, जिनमें अरविंद जैन, अनीता जैन, निशांत, अंचल, शिखा, नितिन, शैले और सम्यकन जैन जैसे नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और दिल्ली सरकार इस मुश्किल घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।
बढ़ती गर्मी और बिजली के उपकरणों पर रखें नजर
Delhi Ac blast: गर्मी बढ़ने के साथ ही शॉर्ट सर्किट और एसी ब्लास्ट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विवेक विहार का यह हादसा हम सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है। अपने घरों के बिजली के लोड और पुराने पड़ चुके उपकरणों की समय-समय पर जांच जरूर करवाएं। आपकी एक छोटी सी सावधानी ऐसी बड़ी अनहोनी को टाल सकती है। फिलहाल इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और प्रशासन सर्च ऑपरेशन पूरा कर आगे की कार्रवाई में जुटा है।
यह भी पढ़ें: हापुड़ में भाई-बहन से उलझना मनचलों को पड़ा भारी, भीड़ ने बीच सड़क सिखाया सबक



