दो केंद्र शासित प्रदेश बनाने के बाद अब केंद्र सरकार करेगी इन दो केंद्र शासित प्रदेशो का विलय !

जम्मू कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद अब ‘दमन एवं दीव’ और ‘दादर एवं नगर हवेली’ के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। इन दोनों केंद्र शासित प्रदेशो को मिलाकर एक केंद्र शासित प्रदेश बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि संसद में इसको लेकर विधेयक अगले हफ्ते पेश किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने बताया कि, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (केंद्र शासित प्रदेशों का विलय) बिल 2019 अगले हफ्ते के लिए प्रस्तावित सरकारी कामकाज का हिस्सा है। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के नजदीक पश्चिमी तट पर स्थित इन दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के विलय से बेहतर प्रशासन मिल सकेगा और विभिन्न कार्यों का दोहराव रोका जा सकेगा।

इसलिए किया जा रहा है विलय

गौरतलब है कि ये दोनों केंद्र शासित प्रदेश मात्र 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। वहीँ काम क्षेत्रफल के चलते दादरा एवं नगर हवेली में मात्र एक जबकि दमन एवं दीव में दो जिले हैं। इसके बावजूद दोनों केंद्र शासित प्रदेशों का अलग-अलग बजट और अलग-अलग सचिवालय है। इन दोनों केंद्र शासित प्रदेशो के विलय के बाद इसका नाम दादरा, नगर हवेली, दमन एवं दीव और इसका मुख्यालय दमन एवं दीव में हो सकता है।

बता दें कि मौजूदा समय में देश में नौ केंद्र शासित प्रदेश हैं। इनमे से दो हाल ही में बने हैं। जम्मू-कश्मीर को एक पूर्ण राज्य की जगह 2 केंद्र शासित प्रदेशो- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तब्दील कर दिया गया था। ये फैसला राज्य को विशेष अधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद लिया गया था। हालाँकि अब गुजरात के पास इन दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के विलय से देश में 8 केंद्र शासित प्रदेश रह जायेंगे।

Related Articles

Back to top button