नागरिकता पर उठे विरोध के बीच असम में कर्फ्यू, सेना तैनात

बुधवार को तकरीबन छह घंटे की चर्चा के बाद नागरिकता संशोधन विधेयक को राज्यसभा में भी पास कर दिया गया। इस दौरान असम के कई इलाकों में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इन प्रदर्शनों को गंभीरता से लेते हुए असम के गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में अनिश्चिकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। गुवाहाटी और जोरहाट में सैन्यबल बढ़ा दिया गया है, वहीँ त्रिपुरा में असम राइफल्स के जवानों को तैनात कर दिया गया है। इस दौरान स्पाइसजेट, विस्तारा, इंडिगो ने असम जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया है।

सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट पी खोंगसाई के अनुसार, गुवाहाटी में सेना की दो टुकड़ियों को तैनात किया गया है। ये दोनों टुकड़ियां फ्लैग मार्च कर रही हैं। वही दूसरी तरफ, गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के डिब्रूगढ़ स्थित घर, और दुलियाजन में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घर पर पथराव कर संपत्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। ऐसे में असम के कई इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है और ट्रेन और बस सेवाओं के साथ साथ जनसंपर्क सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

गृह और राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुमार संजय कृष्णा ने बुधवार को एक अधिसूचना जारी की है। इसमें बुधवार शाम 7 बजे से अगले 24 घंटों के लिए तिनसुकिया, जोरहाट, गोलाघाट, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, धेमाजी, चराइदेव, शिवसागर, कामरूप (मेट्रो) और कामरूप में इंटरनेट सेवाएं बंद रहने की सूचना है। वहीँ पूरे त्रिपुरा में मंगलवार दोपहर दो बजे से ही इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। अधिकारियों के अनुसार ये सेवाएं गुरुवार दोपहर तक बंद रहेंगी। असम के पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत के अनुसार, कर्फ्यू को अनिश्चिकाल के लिए बढ़ा दिया गया है।

गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन विधेयक बुधवार को राज्यसभा में भी पास कर दिया गया। 6 घंटे की बहस के बाद बिल के समर्थन में 125, और विरोध में 99 वोट पड़े। बता दें कि इंडियन मुस्लिम लीग ने इस विधेयक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button