दिल्ली में यमुना पर जल्द शुरू होगी क्रूज सेवा, गोवा जैसा मिलेगा एक्सपीरियंस

सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज एक घंटे के राउंड में 30–40 यात्री यमुना की सैर कर सकेंगे।

Delhi news: दिल्ली के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब क्रूज की सवारी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगले महीने से दिल्ली सरकार यमुना नदी पर क्रूज फेरी सेवा शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुआई में बीजेपी सरकार सत्ता में आने के बाद से लगातार यमुना की सफाई और उसके कायाकल्प पर काम कर रही है, और अब नदी में पर्यटन गतिविधियों की शुरुआत की जा रही है। हालांकि, यमुना का पानी अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है, ऐसे में क्रूज यात्रा को आकर्षक और सुरक्षित बनाना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बना रहेगा।

 

फरवरी से शुरू होगी क्रूज सेवा

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी दी है कि फरवरी महीने से यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने क्रूज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि दिल्ली के लिए तैयार हो रहा क्रूज लगभग बनकर तैयार है। फिलहाल इसका निर्माण मुंबई में किया जा रहा है, जहां जाकर उन्होंने खुद इसका निरीक्षण किया।

Delhi news: फूड, म्यूजिक और एंटरटेनमेंट की सुविधा

कपिल मिश्रा ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह क्रूज की खासियत बताते नजर आ रहे हैं। उनके मुताबिक, इस क्रूज में यात्रियों के लिए फूड, म्यूजिक और एंटरटेनमेंट जैसी सुविधाएं होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार दिल्ली में बहानों की नहीं, बदलाव की राजनीति कर रही है और यमुना क्रूज उसी बदलाव की एक झलक है।

 

Delhi news: इन इलाकों में चलेगा यमुना क्रूज

दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा सोनिया विहार और जगतपुर के बीच शुरू की जाएगी। इसी हिस्से को नदी क्रूज पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार की ओर से यमुना की सफाई का काम लगातार जारी है। इस परियोजना को लेकर नवंबर 2025 में दिल्ली सरकार और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के बीच समझौता हुआ था। उस दौरान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया था। इस प्रोजेक्ट पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

 

40 यात्रियों की क्षमता, एक राउंड एक घंटे का

Delhi news: एक क्रूज में 30 से 40 यात्री सफर कर सकेंगे। यह क्रूज करीब 6 से 7 किलोमीटर के रूट पर चलेगा और एक चक्कर पूरा करने में लगभग एक घंटा लगेगा। खास बात यह है कि इसमें इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड बोट का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे प्रदूषण कम होगा। यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए सोनिया विहार में जेट्टी तैयार कर ली गई है। फरवरी तक कई और जेट्टी भी बनकर तैयार हो जाएंगी। कपिल मिश्रा के मुताबिक, यह क्रूज 20 जनवरी को मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होगा और 4-5 दिन में यहां पहुंच जाएगा। फरवरी में किसी समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगी। सरकार का दावा है कि यमुना क्रूज के जरिए दिल्लीवासियों को राजधानी में ही गोवा जैसा क्रूज एक्सपीरियंस मिलेगा।

 

Related Articles

Back to top button