उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच बसों के संचालन के लिए यात्री किराए पर बनी सहमति

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) और बिहार परिवहन के बीच बसों के संचालन को लेकर यात्री किराए पर सहमति बन गई है। जल्द ही बिहार से एक प्रतिनिधि मंडल राजधानी लखनऊ आएगा। यहां पर दोनों राज्यों के बीच बसों के परमिट को लेकर काउंटर साइन (प्रति हस्ताक्षर) किए जाएंगे।

परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) पीआर बेलवारिया ने शनिवार को बताया कि बिहार परिवहन के अधिकारियों के साथ बसों के संचालन के लिए बैठक हो गई है। बैठक मेंं बसों का किराया,समय सारिणी और रूट को लेकर बातचीत हुई है। अभी तक उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच 25 रूट तैयार किए गए गए हैं। इनमें कुछ रूटों पर बदलाव की बात भी हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच बसों के संचालन के लिए सहमति बन गई है। दोनों राज्यों के बीच बसों के किराए की गणना-अलग किराए को आधार बना कर की जाएगी। इसी आधार पर ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) में किराया का ब्यौरा दर्ज किया जाएगा। जल्द ही बिहार से एक प्रतिनिधि मंडल लखनऊ आएगा। जहां पर दोनों राज्यों के बीच संचालित होने वाली बसों के परमिट को लेकर काउंटर साइन किए जाएंगे। उम्मीद है कि दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। फिलहाल दोनों राज्यों के बीच अभी जो सहमति बनी है। उसके आधार पर रोडवेज बसें अपने तय किए हुए किराए के आधार पर किराया वसूल करेंगी। जबकि बिहार परिवहन की बसें अपने तय किए किराए के आधार पर यात्रियों से किराया वसूल करेंगी।

Related Articles

Back to top button