मुंबई: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

मुंबई। उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने योगी सरकार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने गुरुवार को मुंबई सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मंत्रालय के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, मेडिकल शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, टेक्सटाइल मंत्री असलम शेख, पूर्व मंत्री नसीम खान, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड, विधायक जीशान सिद्दीकी, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, बाबा सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव मोहन जोशी और सचिन सावंत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन में शामिल थे। बालासाहेब थोरात ने चेतावनी दी है कि कांग्रेस पार्टी तब तक लड़ाई जारी रखेगी जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता।महाराष्ट्र कांग्रेस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है।

थोरात ने कहा कि एक बार फिर साबित हो गया है कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज है। कानून का शासन नहीं है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं और लड़कियों की प्रतिष्ठा को धूमिल किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार हाथरस में हुई अमानवीय घटना के आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हाथरस जाने की अनुमति नहीं दी गई । कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के पीछे मजबूती से खड़ी है। देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ हैं। हम भाजपा सरकार के दमनकारी नीति से घबरानेवाले नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ तब तक लड़ती रहेगी जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता।

Related Articles

Back to top button