गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर पर कांग्रेस ने उठाए कई सवाल, रणदीप सुरजेवाला बोलें बीजेपी ने राज्य को बनाया अपराध प्रदेश

उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को आज एनकाउंटर में मार गिरा दिया गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश पुलिस और सरकार पर विपक्ष लगातार निशाना साधा है। इस एनकाउंटर को लेकर कई सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को बीजेपी सरकार के नेतृत्व में अपराध प्रदेश में तब्दील कर दिया गया है। विकास दुबे संगठित अपराध का एक मोहरा था। उस संगठित अपराध का सरगना असल में है कौन? विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद अनेकों सवाल सार्वजनिक जेहन में खड़े हो गए हैं, जिनका जवाब आदित्यनाथ सरकार को देना होगा।

1. क्या विकास दुबे शासन में बैठे लोगों का राजदार था? क्या उसे सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों का संरक्षण प्राप्त था?

2. विकास कौन से राज छुपा रहा था?

3. विकास दुबे का नाम 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल क्यों नहीं था?

4. इस एनकाउंटर पर कई सवाल खड़े होते हैं, अगर उसे भागना ही था तो उज्जैन में जाकर सरेंडर क्यों किया?

5. मीडिया कर्मियों को एनकाउंटर स्पॉट पर जाने से क्यों रोका गया?

6. विकास दुबे को पहले हवाई मार्ग से लाए जाने की बात चल रही थी, फिर बाद में इसे क्यों बदला गया?

7. विकास दुबे को एक्सिडेंट से पहले सफारी गाड़ी में देखा गया था. एक्सिडेंट दूसरी गाड़ी में हुआ लेकिन अब कुछ और बताया जा रहा है.

8. विकास के एक पैर में लोहे की रॉड लगी थी तो वो भाग कैसे सकता है?

9. अगर वो भाग रहा था तो पुलिस की गोली सीने में कैसे लगी?

10. घटनास्थल पर गाड़ी फिसलने के कोई निशान मौजूद क्यों नहीं थे?

11. विकास अगर भाग रहा था तो उसके कपड़े सूखे कैसे थे, कीचड़ के निशान क्यों नहीं थे?

12. विकास दुबे का एनकाउंटर सच्चाई का एनकाउंटर है. जिससे सच छुपाया जा सके.

13. विकास के पीछे खड़े लोगों के चेहरों को सार्वजनिक कर ही कानपुर शूटआउट में शहीद हुए जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकेगी.

Related Articles

Back to top button