सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, वापस जाओ के लगाए नारे

अशोकनगर। कांग्रेस सरकार गिराकर भाजपा में शामिल होने के छह माह बाद पहली बार अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के राजपुर में आये ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंधिया को गद्दार बताते हुए वापस जाओ के नारे लगाए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुरुवार को अशोकनगर विधानसभा के राजपुर में आगमन हुआ। उनके आगमन से पूर्व ही कांग्रेस कार्यकर्ता राजपुर पहुंच गए और अपने हाथों काले झंडे दिखाते हुए गद्दार सिंधिया वापस जाओ जैसे नारेबाजी करते रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन के पूर्व ही पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए अपने हाथों में काले झंडे लिए नारे लगा रहे सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोक लिया और बस में बैठा कर अशोकनगर की ओर रवाना किया।

उल्लेखनीय है कि जिले की अशोकनगर और मुंगावली दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होना है। यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के पश्चात 6 माह बाद पहली बार आगमन हुआ था, जहां कांग्रेस द्वारा उनके आगमन पर इस तरह से विरोध प्रदर्शन किया गया।

Related Articles

Back to top button