अशोक गहलोत ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा 1967 में इंदिरा गांधी ने चीन को क्या जवाब दिया था यह मुल्क जानता है

भारत और चीन विवाद को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार मोदी सरकार पर निशाना साध रही है। कभी सोनिया गांधी को कभी प्रियंका गांधी तो कभी कांग्रेस का कोई बड़ा नेता। वहीं राहुल गांधी तो लगातार पीएम नरेंद्र मोदी पर भारत-चीन विवाद को लेकर निशाना साध रहे हैं। वह हर दिन कोई ना कोई सवाल पीएम नरेंद्र मोदी पर दाग ही देते हैं। ऐसे में अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंह से चीन शब्द क्यों नहीं निकलता ?

बता दी कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारत सुपर पावर है मगर देश के प्रधानमंत्री जिनका नाम तक नहीं लेते हैं। यह जानते हुए कि चीन हमारे सिर पर आकर बैठा है आखिर क्या वजह है कि प्रधानमंत्री के मुंह से चीन शब्द तक नहीं निकलता। देश की सीमा पर जो हालात हैं वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताने चाहिए। बता दें कि राहुल गांधी भी लगातार यही सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कर रहे हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी यह बताएं कि चीन ने भारत की कितनी जमीन कब्जाई है।

अशोक गहलोत ने कहा कि विपक्ष का काम है कि जनता के सवाल को उठाएं। जनता के सवाल उठाने का मतलब यह नहीं है कि हम चीन के मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नहीं है। पूरा मुल्क उनके साथ है। मगर विपक्ष को यह सवाल पूछने का हक है क्योंकि जनता जानना चाहती है कि सीमा पर आखिर हो क्या रहा है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सच सबके सामने आना चाहिए। आखिर क्या वजह है कि कोरोनावायरस के संकट में भी सीमा पर समस्या बनी हुई है। 1967 में इंदिरा गांधी ने चीन को क्या जवाब दिया था यह मुल्क जानता है। 1962 में हमारे पास संसाधन नहीं थे लेकिन उस दिन के बाद 1967 में हमारे सैनिकों ने 400 चीनी सैनिकों को मारा। उसके बाद चीन की हिम्मत नहीं हुई कि हमारी तरफ आंख उठाकर देखें।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारत ने तिब्बत के लोगों को अपने यहां शरण दी, चीन की परवाह नहीं की। इंदिरा गांधी ने सिक्किम को भारत में मिला लिया और चीन की परवाह नहीं की। यह सब तो हमने अपनी आंखों के सामने देखा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जब सवाल पूछते हैं तो गृह मंत्री अमित शाह को कुछ ना कुछ बोलना होता है इसलिए बोल देते हैं। अशोक गहलोत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि अमित शाह को फुर्सत ही नहीं है। इस कोरोनावायरस के समय में भी वह इसी काम में लगे रहते हैं कि किसकी सरकार को गिराना है और किसकी सरकार को उठाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाषण अच्छा देते हैं मगर भाषण से पेट नहीं भरता।

Related Articles

Back to top button