छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने शुरू की “राजीव गांधी किसान न्याय योजना”, हर किसान के खाते में जाएंगे 7500 रुपए

देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को लेकर एक बड़ी योजना की शुरुआत की है। कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरुआत की है। आज के दिन इस कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि न्याय स्कीम की शुरुआत से पूरी पार्टी बेहद खुश है। इस योजना के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव जी के दिल में अन्नदाता किसान, खास तौर पर महिला और आदिवासी किसानों के लिए बहुत प्यार था इसलिए वह समय-समय पर इन सबके बीच में जाकर सीधे संवाद करते थे और तकलीफों की जानकारियां लेते थे। राजीव गांधी का मानना था कि किसान और खेती ही भारत की असली पूंजी हैं।

वहीं इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में मौजूद हुए थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान योजना की ऐतिहासिक शुरुआत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में हुई। 19 लाख धान मक्का गन्ना पैदा करने वाले किसानों को सीधे ₹7500 खाते में जाएंगे। आज 1500 करोड़ की पहली किस्त जाएगी। उम्मीद है कि भारत सरकार इस अनूठी पहल से सीख लेगी।

इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस योजना में धान फसल के लिए 18 लाख 34 हजार 706 सीमांत किसानों, 5 लाख 60 हजार 284 लघु किसानों और 3 लाख 20 हजार 844 बड़े किसानों को फायदा मिलने वाला है।

Related Articles

Back to top button