चंडीगढ़ : दशहरे पर कोरोना खात्मे की शपथ लेंगे विधानसभा कर्मचारी

चंडीगढ़। दशहरे के अवसर पर हरियाणा विधानसभा सचिवालय कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई को और तेज करेगा। इस दिन विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता सचिवालय के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सावधानी बरतने का संकल्प करवाएंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों को विधान सभा सचिव की ओर से बाकायदा आदेश जारी किए गए हैं।
इस दौरान सभी कर्मचारी कोरोना के बारे में सतर्क रहने और अपने आसपास के लोगों को इस बारे में जागरूक करने का संकल्प करेंगे। वह विधान सभा अध्यक्ष को घातक विषाणु के प्रसार को रोकने संबंधी सभी सावधानी बरतने का वचन देंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय, प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी हिदायतों का अक्षरश: पालन करेंगे। इसके लिए वे दूसरों को भी प्रोत्साहित करने की प्रतिज्ञा करेंगे। इसके साथ ही मास्क और फेस कवर की बात दोहराई जाएगी और दो गज की दूरी बनाए रखने की शपथ होगी। हाथों को नियमित रूप से साफ रखने और साबुन से धोने की बात भी शपथ में शामिल रहेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कोरोना संक्रमण का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। इस दौरान यह आशंका रहती है कि लोग कहीं लापरवाही न बरत लें। वर्तमान दौर सबसे महत्वपूर्ण है और कोरोना के खात्मे के लिए सभी का एकजुट होना आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button