जावेद अख्तर के जन्मदिन पर रहा रेट्रो थीम, फरहान बने डॉन !

शुक्रवार को पूरा बॉलीवुड मशहूर लेखक- गीतकार जावेद अख्तर का जन्मदिन मना रहा है। जावेद अख्तर की 75वी वर्षगाँठ पर देशभर के लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीँ, उनके जन्मदिन को और ख़ास बनाने के लिए जावेद अख्तर के घर पर थीम पार्टी रखी गई। इस पार्टी में सभी लोग रेट्रो अवतार में नज़र आये।

जावेद अख्तर के जन्मदिन पर रेट्रो थीम से सजी पार्टी में जावेद अख्तर और उनकी पत्नी शबाना आज़मी पोल्का डॉट्स वाले लाल कपड़ों की ट्विनिंग करते नज़र आये। वहीँ आमिर खान, किरण राव, बोनी कपूर, शिबानी दांडेकर, आशुतोष गावरकर, मनीष मल्होत्रा, अनिल कपूर, तब्बू, स्वरा भास्कर, अली फैज़ल, ऋचा चड्ढा, फराह खान, सुनीता कपूर, उर्मिला मांतोडकर, दिव्या दत्ता, सतीश कौशिक सहित कई नामी हस्तियां भी इस बर्थडे पार्टी में पहुंची। इस फिल्म में जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर अमिताभ बच्चन के ‘डॉन’ लुक में दिखाई दिए।

गौरतलब है कि दिग्गज लेखक जावेद अख्तर के जन्मदिन पर ‘द वर्ल्ड ऑफ़ जावेद अख्तर’ नाम से प्रदर्शनी लगाई गयी थी। इस प्रदर्शनी में जावेद अख्तर की कुछ चुनिंदा तस्वीरों और पोस्टर्स को रखा गया था। इस मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी जावेद अख्तर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। ट्विटर पर प्रदर्शनी की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा ‘हमारे करीबी दोस्त, और लेखक, गीतकार और साहित्यिक किंवदंती जावेद अख्तर को उनके 75वे जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’

वहीँ, संगीतकार और गायक सलीम मर्चेंट ने भी उन्हें ट्विटर पर बधाई दी। उन्होंने लिखा ’75वे जन्मदिन की शुभकामनाएं जावेद साहब! आपके काव्य, विचार और मार्गदर्शन के लिए बेहद शुक्रिया। आपसी भाईचारे के लिए आपका प्रेम प्रेरणादायक है। आपके ज्ञान के लिए भी धन्यवाद !’ बता दें कि जावेद अख्तर अक्सर अपने मुखर विचारों के लिए चर्चा में रहते हैं। हाल ही में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भी उन्होंने अपने विचार खुलकर सबके सामने रखे थे।

Related Articles

Back to top button