Blinkit पर दिल्ली पुलिस की FIR, बटनदार चाकू बेचने का आरोप
Blinkit पर दिल्ली पुलिस की FIR, ऑनलाइन बटनदार चाकू बिक्री पर एक्शन, हत्या केस की जांच में बड़ा खुलासा।

Delhi blinkit news: राजधानी दिल्ली में ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit मुश्किल में फंसता नजर आ रहा है। दिल्ली पुलिस ने कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि ऐप के जरिए बटनदार चाकू बेचे जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर आपराधिक घटनाओं में हुआ।
हत्या के मामलों की जांच में हुआ खुलासा
मामला तब सामने आया जब दिल्ली के ख्याला इलाके में दर्ज दो अलग-अलग हत्या के केस की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू उन्होंने Blinkit से ऑनलाइन खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने इस दावे की पुष्टि करने का फैसला किया।
पुलिस ने ग्राहक बनकर किया ऑर्डर
आरोपियों के बयान को वेरीफाई करने के लिए दिल्ली पुलिस ने खुद ग्राहक बनकर Blinkit ऐप से बटनदार चाकू ऑर्डर किया। ऑर्डर डिलीवर होने के बाद पुलिस को प्राथमिक सबूत मिल गए कि प्लेटफॉर्म पर इस तरह के चाकू उपलब्ध हैं।
कई स्टोर्स पर छापेमारी, दर्जनों चाकू बरामद
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग Blinkit स्टोर्स पर छापेमारी की। इस दौरान दर्जनभर से ज्यादा बटनदार चाकू बरामद किए गए। इसके बाद कंपनी के खिलाफ औपचारिक रूप से FIR दर्ज कर ली गई।
कंपनी से मांगा जाएगा जवाब
दिल्ली पुलिस जल्द ही Blinkit को नोटिस भेजकर जवाब तलब करेगी। खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए हथियार जैसी वस्तुओं की बिक्री को लेकर भी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह मामला अब सिर्फ एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले सामान की मॉनिटरिंग और नियमों को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।



