चुनावी विवाद में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या,सामने आयी ये बड़ी वजह

औरंगाबाद, महाराष्ट्र में औरंगाबाद तालुका के जोड़वाड़ी गांव में ग्राम पंचायत चुनाव के विवाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता हरसिंह कालू गुशिंगे की हत्या कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायत की सात सीटों में से भाजपा ने तीन पर निर्विरोध चुनाव जीता है। शेष चार सीटों पर शुक्रवार को रात नौ बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद छह लोगों ने गुशिंगे पर हमला कर दिया जिसमें गुशिंगे की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।

घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने कहा कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाते तब तक गुशिंगे का अंतिम संस्कार नहीं किया जायेगा। ग्रामीणों ने चिकलथाना थाने में शिकायत दर्ज करायी और वहीं पर धरना देकर बैठ गये और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। पीड़ित का गांव औरंगाबाद शहर से लगभग 20 किमी दूर है।

जिन लोगों ने गुशिंगे पर हमला किया था उनकी पहचान मदन मन्नू जरवाल, संजय उत्तम बिमरोत, संजय रायसिंग सत्तवान, विजय रायसिंग सत्तवान, रामधन खुशालसिंह जरवाल, धरम फूलसिंह जरवाल के रूप में हुयी थी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और फूलामबरी विधायक हरिभाऊ बागड़े ने भाजपा कार्यकर्ता की दुर्भाग्यपूर्ण हत्या पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्हाेंने कहा कि उम्मीद है कि पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के काम करेगी।

Related Articles

Back to top button